बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए बाइक रेंटल यानी ‘ड्राइव-योरसेल्फ’ सेवा शुरू की गई है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में यह अपनी तरह की पहली सेवा है। स्टेशन पहुंचने वाले यात्री अब अपनी जरूरत के अनुसार स्कूटी या बाइक किराए पर लेकर शहर में खुद सफर कर सकेंगे। बाइक कोच रेस्टोरेंट के पास यह सुविधा उपलब्ध होगी। इसका फायदा पर्यटकों, छात्रों, व्यावसायिक यात्रियों और आम नागरिकों को मिलेगा।
100 रुपए से शुरू होगा किराया
बाइक रेंटल के लिए समय के अनुसार किराया निर्धारित किया गया है। 0 से 4 घंटे के लिए 100 रुपए, 4 से 8 घंटे के लिए 200 रुपए और 8 से 16 घंटे के लिए 300 रुपए देने होंगे। वहीं 16 से 24 घंटे तक वाहन लेने पर 400 रुपए किराया लगेगा। इससे यात्री अपनी जरूरत के अनुसार कुछ घंटों या पूरे दिन के लिए वाहन ले सकेंगे।
स्कूटी से पल्सर तक मिलेंगे वाहन
रेंटल सेवा में स्कूटी से लेकर पल्सर तक अलग-अलग दोपहिया वाहन उपलब्ध रहेंगे। इससे ट्रेन से उतरने के बाद शहर के विभिन्न इलाकों में जाने वाले यात्रियों को ऑटो या टैक्सी के अलावा एक और विकल्प मिलेगा। खासकर एक दिन में कई जगह जाने वाले यात्रियों के लिए यह सुविधा उपयोगी साबित हो सकती है।
लाइसेंस और आधार की जानकारी जरूरी
किराए पर बाइक लेने के लिए यात्री को वैध ड्राइविंग लाइसेंस और आधार कार्ड की जानकारी देनी होगी। वाहन के साथ हेलमेट उपलब्ध कराया जाएगा। हालांकि पेट्रोल का खर्च किराए में शामिल नहीं होगा और यात्री को स्वयं पेट्रोल भरवाना पड़ेगा। रेलवे स्टेशन से ही वाहन मिलने के कारण यात्रियों को बाइक किराए पर लेने के लिए शहर में अलग से किसी स्थान पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।