Bollywood Update: बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने ऑफिशियल YouTube चैनल लॉन्च कर दिया है। अब तक फिल्मों और टीवी शो के जरिए दर्शकों से जुड़ने वाले सलमान ने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी अपनी मौजूदगी दर्ज करा दी है। इससे पहले आलिया भट्ट, कृति सेनन, अक्षय कुमार और फराह खान जैसी हस्तियां भी YouTube के जरिए अपने फैंस से जुड़ चुकी हैं। सलमान के इस नए कदम से उनके प्रशंसकों को उनसे जुड़ी जानकारी और वीडियो देखने का एक और मंच मिल गया है।
मजेदार टीजर के साथ की चैनल लॉन्च की घोषणा
सलमान खान ने शुक्रवार को एक खास टीजर वीडियो शेयर कर अपने ऑफिशियल YouTube चैनल की शुरुआत का ऐलान किया। वीडियो में वह अंग्रेजी के अक्षर पढ़ते हुए नजर आते हैं। इसके साथ उन्होंने लिखा, 'शुरू से शुरू करते हैं, मेरा ऑफिशियल YouTube चैनल। A से Z तक सब यहां मिलेगा।' अभिनेता के इस अंदाज ने फैंस का ध्यान खींचा। चैनल के बायो में भी इसे उनका आधिकारिक चैनल बताया गया है।
चैनल पर देखने को मिल सकते हैं खास वीडियो
सलमान खान के YouTube चैनल पर फिलहाल कुछ Shorts वीडियो दिखाई दे रहे हैं, जिनमें उनका पहले का लुक देखने को मिलता है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में इस प्लेटफॉर्म पर उनकी निजी और पेशेवर जिंदगी से जुड़ा कंटेंट भी देखने को मिल सकता है। इसके अलावा फिल्मों की शूटिंग के दौरान के अनुभव, बिहाइंड-द-सीन्स वीडियो और अन्य खास झलकियां भी फैंस के लिए आकर्षण का केंद्र बन सकती हैं।बिग बॉस 20' को लेकर भी चर्चा में हैं
सलमान काम की बात करें तो सलमान खान इन दिनों टीवी रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' को होस्ट कर रहे हैं। शो के दौरान उनके बयानों को लेकर भी चर्चा हो रही है। हाल ही में उन्होंने पपराजी कल्चर पर सवाल उठाए थे। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर कलाकारों और उनके परिवारों को ट्रोल किए जाने के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी थी।
'मातृभूमि' में नजर आएंगे सलमान खान
फिल्मों की बात करें तो सलमान खान की आने वाली फिल्मों को लेकर भी दर्शकों में उत्सुकता है। वह जल्द ही अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बन रही फिल्म 'मातृभूमि' में नजर आएंगे। इस फिल्म में उनके साथ चित्रांगदा सिंह भी अहम भूमिका में हैं। फिल्म को लेकर सलमान के प्रशंसक काफी उत्साहित हैं।
'मॉन्स्टर' को लेकर भी बनी हुई है चर्चा
सलमान खान की एक अन्य फिल्म 'मॉन्स्टर' भी चर्चा में है, जिसमें अभिनेत्री नयनतारा के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। फिल्म की रिलीज ईद 2027 के मौके पर प्रस्तावित बताई जा रही है। हालांकि, रिलीज की तारीख और फिल्म से जुड़ी अन्य जानकारियों में बदलाव संभव है। ऐसे में सलमान के फैंस की नजरें उनकी आने वाली फिल्मों के साथ-साथ उनके नए YouTube चैनल पर भी रहेंगी।







