EYES Web Series: यदि आप सस्पेंस और साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्मों या सीरीज के शौकीन हैं, तो ओटीटी प्लेटफॉर्म पर आपके लिए एक नया रोमांच दस्तक देने जा रहा है। मूल रूप से मलयालम में तैयार की गई Web Series 'आइज' (EYES) जल्द ही हिंदी में डब होकर रिलीज होने वाली है। यह कहानी प्यार के उस खतरनाक पहलू को उजागर करती है, जहां रूमानियत की जगह खौफ और जुनून ले लेता है।
डेटिंग ऐप से शुरू हुआ सफर और खौफनाक मोड़
अक्सर कहा जाता है कि इश्क में हद से गुजर जाना खतरनाक हो सकता है। यह सीरीज इसी थीम पर बनी है, जहां एक सनकी आशिक का प्यार एक खौफनाक मोड़ ले लेता है। कहानी की मुख्य धुरी पुलिस अफसर टीना सेबेस्टियन (कनी कुश्रुति) के इर्द-गिर्द घूमती है। टीना एक बेहद ईमानदार और महिलाओं की सुरक्षा के प्रति समर्पित पुलिस अधिकारी हैं। उनके पास एक ऐसा मामला आता है, जिसकी शुरुआत डेटिंग ऐप की मुलाकात, मीठे वादों और हसीन सपनों से होती है। लेकिन धीरे-धीरे यह रिश्ता सिरफिरे प्रेमी के जुनून और स्टॉकिंग में बदल जाता है। वह प्रेमी लड़की के हर कदम पर नजर रखने लगता है और उसके करीबी लोग अचानक उसकी नफरत का शिकार बनने लगते हैं।
शहर में 12वीं हत्या और 'EYES' ऐप की एंट्री
कहानी में नया मोड़ तब आता है जब पीछा करने (स्टॉकिंग) के इस जाल में शहर के भीतर 12वीं हत्या की खबर सामने आती है। बढ़ते खतरे को देखते हुए पुलिस विभाग महिलाओं की सुरक्षा के लिए 'EYES' नाम से एक खास सपोर्ट ऐप लॉन्च करता है। जैसे-जैसे टीना और उनकी टीम इस केस की तह तक जाती है, मामला सुलझने की जगह और अधिक उलझता जाता है। पुलिस को एक ऐसे शातिर अपराधी के दिमाग को पढ़ना पड़ता है, जिसकी सोच बेहद डरावनी है।कान्स फेम कनी कुश्रुति मुख्य भूमिका में
'ऑल वी इमेजिन एज लाइट' और 'गर्ल्स विल बी गर्ल्स' जैसी फिल्मों से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाली मशहूर अभिनेत्री कनी कुश्रुति इसमें लीड रोल निभा रही हैं। उनके साथ निखिला विमल, देव मोहन, सानिया अयप्पन और श्रुति भी अहम किरदारों में नजर आएंगे। सीरीज का निर्देशन मनु अशोकन ने किया है। इसका स्क्रीनप्ले बॉबी-संजय की जोड़ी ने लिखा है, जबकि मूल कहानी अंजना नायर की है। ड्रीमकैचर के बैनर तले बनी यह सोनी लिव (Sony LIV) की ओरिजिनल सीरीज 9 अक्टूबर 2026 से हिंदी दर्शकों के लिए स्ट्रीम की जाएगी।

