Panchayat Season 5: अमेजन प्राइम वीडियो की चर्चित वेब सीरीज 'पंचायत' एक बार फिर दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है। सीरीज के पांचवें सीजन को लेकर लंबे समय से चर्चा चल रही है। इसी बीच मेकर्स ने ट्रेलर रिलीज को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। इस बार बनारकस अपने नए अंदाज और दबदबे के साथ नजर आने वाले हैं। सीरीज का पांचवां सीजन इसी साल दिसंबर में रिलीज होने की जानकारी सामने आई है, जबकि इसका ट्रेलर कल यानी 23 नवंबर को जारी किया जाएगा।
प्रोमो देखकर दर्शकों ने उठाए गांव की सादगी पर सवाल
प्रोमो में बनारकस के साथ गांव की तस्वीर भी बदलती दिखाई गई है। जहां पहले कच्ची सड़कें, पुराने मकान और साधारण दुकानें नजर आती थीं, वहीं उनके गुजरने के बाद सब कुछ आधुनिक होता दिखता है। इस बदलाव को लेकर सोशल मीडिया पर दर्शकों के बीच चर्चा शुरू हो गई है। कुछ लोगों को चिंता है कि कहीं नए सीजन में गांव की वही पुरानी सादगी खत्म न हो जाए, जो इस सीरीज की सबसे बड़ी पहचान रही है।
कब और कहां देख सकेंगे पंचायत सीजन 5
जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, सुनीता राजवार, दुर्गेश कुमार, फैसल मलिक और चंदन रॉय जैसे कलाकारों से सजी इस सीरीज के पिछले चार सीजन दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय रहे हैं। अब पांचवें सीजन से भी ऐसी ही उम्मीदें लगाई जा रही हैं। मेकर्स के ऐलान के मुताबिक, पंचायत सीजन 5 का ट्रेलर 23 नवंबर 2026 को रिलीज होगा, जबकि नया सीजन दिसंबर में अमेजन प्राइम वीडियो पर दस्तक देगा।मंजू देवी की हार के बाद बनारकस के सामने होंगी नई चुनौतियां
पंचायत के चौथे सीजन का अंत कई बड़े राजनीतिक बदलावों के साथ हुआ था। पंचायत चुनाव में मंजू देवी को हार का सामना करना पड़ा और क्रांति देवी ने प्रधान पद की जिम्मेदारी संभाली। ऐसे में पांचवें सीजन में कहानी का रुख काफी बदल सकता है। अब सचिव जी यानी अभिषेक त्रिपाठी को नई प्रधान और बनारकस के साथ काम करना होगा।
अब तक मंजू देवी और प्रधान जी के साथ तालमेल बैठाकर पंचायत का काम संभालने वाले अभिषेक के सामने इस बार नई मुश्किलें होंगी।
बनारकस के लीड रोल से बढ़ा पंचायत सीजन 5 का रोमांच
इस बार दर्शकों की दिलचस्पी की सबसे बड़ी वजह बनारकस का बदला हुआ अंदाज और कहानी में उनकी अहम भूमिका है। पहले के सीजनों में वह अपनी मजेदार हरकतों और खास डायलॉग्स से दर्शकों का मनोरंजन करते रहे हैं। अब सवाल यह है कि क्या बनारकस सच में गांव की राजनीति और पंचायत व्यवस्था पर अपनी पकड़ मजबूत कर पाएंगे इसके अलावा बिनोद और माधव की भूमिका भी कहानी को नया मोड़ दे सकती है।











