Bribe Taking Case: नगर निगम की संपदा शाखा में पदस्थ कर्मचारी लक्ष्मीकांत कोका को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कर्मचारी पर मकान नवीनीकरण से जुड़े काम को पूरा कराने के एवज में 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायत की पुष्टि के बाद ACB ने शुक्रवार को नगर निगम कार्यालय में ट्रैप की कार्रवाई को अंजाम दिया। जानकारी के मुताबिक, राजकिशोर नगर निवासी अजीत शुक्ला अपने मकान के नवीनीकरण से संबंधित कार्य के लिए नगर निगम कार्यालय पहुंचे थे।
आरोप है कि संपदा शाखा में तैनात कर्मचारी लक्ष्मीकांत कोका ने इस काम को आगे बढ़ाने के लिए उनसे 10 हजार रुपए की मांग की। रिश्वत मांगे जाने के बाद शिकायतकर्ता ने इसकी जानकारी एंटी करप्शन ब्यूरो को दी। ACB ने शिकायत की जांच की और मामला सही पाए जाने के बाद कर्मचारी को पकड़ने के लिए योजना बनाई।
पैसे लेते ही ACB ने दबोचा
ट्रैप कार्रवाई के तहत शिकायतकर्ता को तय रकम के साथ कर्मचारी के पास भेजा गया। जैसे ही लक्ष्मीकांत कोका ने 10 हजार रुपए लिए, मौके पर मौजूद ACB की टीम ने उसे पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान टीम ने आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी की और कर्मचारी से पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।सामान्य सभा के बीच पहुंची ACB टीम, निगम में मचा हड़कंप
ACB की यह कार्रवाई उस समय हुई, जब नगर निगम कार्यालय में सामान्य सभा की बैठक चल रही थी। जैसे ही ACB टीम के पहुंचने और कर्मचारी की गिरफ्तारी की खबर फैली, निगम परिसर में हलचल बढ़ गई। अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच काफी देर तक इस कार्रवाई को लेकर चर्चा होती रही। फिलहाल ACB पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
