छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सोमवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली हत्या की घटना सामने आई। शहर के ओवरब्रिज रेलवे क्रॉसिंग के नीचे बने चबूतरे पर सो रहे एक मजदूर की लकड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने मृतक के सिर पर लगातार कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि मृतक की पहचान 40 वर्षीय राजेश महाराज के रूप में हुई है, जो दिहाड़ी मजदूरी कर अपना जीवनयापन करता था।
ओवरब्रिज के नीचे सो रहे मजदूर पर डंडे से वार
रोज की तरह ओवरब्रिज के नीचे काम मिलने का इंतजार करता था। वहीं आरोपी भरत साहू (38) भी उसी इलाके में रहता था और लंबे समय से नशे का आदी बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह भरत नशे की हालत में बिना कपड़ों के इलाके में घूम रहा था। इसी दौरान वहां पहुंचे राजेश ने उसे ऐसा करने से रोका। बात बढ़ने पर दोनों के बीच विवाद हो गया और राजेश ने भरत की पिटाई कर दी। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह मामला शांत कराया, लेकिन इस घटना के बाद भरत काफी नाराज हो गया। दोपहर में जब राजेश रोज की तरह ओवरब्रिज के नीचे बने चबूतरे पर आराम कर रहा था, तभी भरत वहां पहुंचा। कुछ देर तक वह उसके पास बैठा रहा और फिर अचानक पास में पड़ी लकड़ी उठाकर राजेश पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी ने सिर पर लगातार कई वार किए। आसपास मौजूद लोगों ने उसे रोकने और पकड़ने की कोशिश भी की, लेकिन वह वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया।थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी एम.बी. पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज तथा सामने आए वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान की गई और उसे कुछ ही समय में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों के बीच पहले भी कई बार विवाद और मारपीट की घटनाएं हो चुकी थीं।
प्रारंभिक जांच में यह मामला सुबह हुए विवाद का बदला लेने से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।