Call Me Bae Season 2: अनन्या पांडे एक बार फिर बेला 'बे' चौधरी के किरदार में दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं, करण जौहर की वेब सीरीज 'कॉल मी बे' के पहले सीजन में अनन्या की एक्टिंग और कॉमेडी टाइमिंग को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। साउथ दिल्ली के एक अमीर परिवार में पली-बढ़ी लड़की से मुंबई में अपने दम पर जिंदगी शुरू करने वाली बे की कहानी ने अच्छी लोकप्रियता हासिल की थी। अब पहले सीजन के करीब दो साल बाद इसका दूसरा सीजन आने वाला है। Prime Video ने मंगलवार को एक मजेदार वीडियो के जरिए 'कॉल मी बे सीजन 2' की रिलीज डेट का ऐलान किया है।
दूसरे सीजन में बढ़ेगा लव लाइफ का ड्रामा
'कॉल मी बे' के नए सीजन में बेला की जिंदगी में प्यार और रिश्तों को लेकर कई नए मोड़ देखने को मिलेंगे। इस बार उसकी लव लाइफ पहले से ज्यादा उलझने वाली है। ऐसे में उसे अपने दिल के साथ-साथ दोस्तों के बीच बने 'बहन कोड' को भी संभालना होगा। कहानी में रोमांस, दोस्ती और कॉमेडी का तड़का देखने को मिलेगा।
श्रुति हासन समेत ये कलाकार आएंगे नजर
सीजन 2 में अनन्या पांडे के साथ अभिनेत्री श्रुति हासन की भी एंट्री हुई है। उनके अलावा वीर दास, गुरफतेह पीरजादा, वरुण सूद, विहान समत, मुस्कान जाफरी, निहारिका लायरा दत्त, लिसा मिश्रा और मिनी माथुर भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। इस सीरीज का निर्देशन कॉलिन डी'कुन्हा ने किया है। वहीं करण जौहर, अदार पूनावाला और अपूर्व मेहता ने धर्मेटिक एंटरटेनमेंट के बैनर तले इसका निर्माण किया है।क्या है 'कॉल मी बे' की कहानी
सीरीज की कहानी बेला 'बे' चौधरी नाम की एक अमीर लड़की के इर्द-गिर्द घूमती है। साउथ दिल्ली के एक रईस परिवार से ताल्लुक रखने वाली बे की जिंदगी तब बदल जाती है, जब उसके अपने ही उसे घर से बाहर कर देते हैं। इसके बाद वह मुंबई पहुंचती है, जहां उसे बिना किसी पारिवारिक सहारे के अपनी नई पहचान बनाने और जिंदगी को अपने तरीके से आगे बढ़ाने की चुनौती का सामना करना पड़ता है।
पहले सीजन को मिला था दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स
पहले सीजन में अनन्या पांडे की कॉमिक एक्टिंग और टीवी एंकर के किरदार में वीर दास की प्रस्तुति को दर्शकों ने सराहा था। हालांकि, सीरीज की कहानी को लेकर कुछ दर्शकों ने इसकी तुलना हॉलीवुड सीरीज 'एमिली इन पेरिस' से भी की थी। अब दूसरे सीजन में कहानी किस दिशा में आगे बढ़ती है और नए किरदार दर्शकों को कितना पसंद आते हैं, यह देखना दिलचस्प होगा।












