कलेक्टर विनय लंगेह के मार्गदर्शन में जिले में संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति की समीक्षा के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हेमंत नंदनवार ने शुक्रवार को विकासखंड सरायपाली एवं बसना क्षेत्र का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत ने ग्राम पंचायत बालसी में निर्मित सामुदायिक शौचालय का अवलोकन किया। उन्होंने शौचालय की उपयोगिता, साफ-सफाई व्यवस्था एवं रख-रखाव की जानकारी ली तथा अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों को सामुदायिक परिसंपत्तियों के नियमित रख-रखाव के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को बेहतर सुविधा मिल सके।
केंदुढार में आंगनबाड़ी भवन निर्माण की समीक्षा
इसके बाद ग्राम पंचायत केंदुढार में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन का निरीक्षण किया गया। सीईओ ने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और समय-सीमा की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि भवन निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए, ताकि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण, शिक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए बेहतर सुविधा केंद्र बन सके। ग्राम पंचायत बिरकोल में हाट बाजार एवं तालाब का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े हाट बाजारों को सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए। तालाब निरीक्षण के दौरान जल संरक्षण एवं संवर्धन कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया तथा वर्षा जल संरक्षण, भू-जल स्तर सुधार, तालाब गहरीकरण और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।सामुदायिक केंद्रों का औचक निरीक्षण और निर्देश
निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत ने बसना एवं सरायपाली स्थित सामुदायिक केंद्रों का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने उपलब्ध सुविधाओं, व्यवस्थाओं और गतिविधियों की समीक्षा कर सुधारात्मक निर्देश दिए तथा अधिकारियों को योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने, पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संबंधित जनपद पंचायत, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्थानीय अमला उपस्थित रहा।
