CG JOB FAIR : छत्तीसगढ़ के शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए नौकरी पाने का सुनहरा मौका सामने आया है जहाँ कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग की ओर से राजधानी रायपुर में राज्यस्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले के जरिए हजारों युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
राज्यस्तरीय रोजगार मेला 7 और 8 अक्टूबर 2026 को रायपुर के बूढ़ापारा स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित होगा।
अब तक 36 नियोजकों और प्लेसमेंट संस्थाओं ने विभाग को कुल 8,720 रिक्तियों की जानकारी दी है। विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में और भी कंपनियों के जुड़ने से पदों की संख्या बढ़ सकती है।
10वीं पास से लेकर पोस्ट ग्रेजुएट तक कर सकेंगे आवेदन
इस रोजगार मेले में अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता रखने वाले युवा आवेदन कर सकते हैं। इसमें 10वीं, 12वीं पास अभ्यर्थियों के साथ ITI, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, B.Sc. Agriculture, स्नातक और MBA/MCA जैसे प्रोफेशनल कोर्स करने वाले उम्मीदवारों के लिए भी अवसर उपलब्ध होंगे।
कई सेक्टर में मिलेंगी नौकरी की संभावनाएं
रोजगार मेले में युवाओं को मैन्युफैक्चरिंग, टेक्निकल, इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल, ऑटोमोबाइल, बैंकिंग-फाइनेंस, सेल्स एवं मार्केटिंग, ऑफिस वर्क, HR, कस्टमर सर्विस, हेल्थकेयर, सिक्योरिटी, लॉजिस्टिक्स और एग्री बिजनेस जैसे क्षेत्रों में नौकरी के अवसर मिलेंगे।
इन पदों पर होगी भर्ती
मेले में मशीन ऑपरेटर, असेंबली ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन, मेंटेनेंस इलेक्ट्रिशियन, मैकेनिकल इंजीनियर, QA/QC इंस्पेक्टर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, ऑफिसर, कंप्यूटर ऑपरेटर, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव, टेलीकॉलर, रिलेशनशिप मैनेजर, नर्सिंग स्टाफ, केयरटेकर, सिक्योरिटी गार्ड, ड्राइवर, डिलीवरी बॉय, बाइक राइडर और पिकर-पैकर जैसे पद शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न ट्रेडों में अप्रेंटिस और ट्रेनी के पदों पर भी भर्ती की जाएगी।ष्इन प्रमुख कंपनियों में मिलेंगे रोजगार के अवसर
रोजगार मेले में कई बड़ी कंपनियां और संस्थाएं हिस्सा लेंगी। इनमें क्वेस कॉर्प, रैंडस्टैड इंडिया, राजस्थान टेक्सटाइल मिल्स–सतलज टेक्सटाइल्स, वर्धमान टेक्सटाइल्स, जेनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर, एयरटेल पेमेंट्स बैंक, इंस्टाकार्ट, स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल, स्वतंत्र माइक्रोफिन, एनआईआईटी, आइसेक्ट, शांता टेक्नो, राजत इक्विपमेंट्स और फर्स्ट फ्लाई कॉर्पोरेट जैसी कंपनियां शामिल हैं। इन कंपनियों के जरिए छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के अलावा देश के अन्य राज्यों में भी रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।
8 अक्टूबर को चयनित युवाओं को मिलेगा ऑफर लेटर
रोजगार मेले के दूसरे दिन यानी 8 अक्टूबर को चयनित उम्मीदवारों को ऑफर लेटर प्रदान करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि होंगे, जबकि कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब अध्यक्षता करेंगे।ई-रोजगार पोर्टल से करना होगा आवेदन
इच्छुक उम्मीदवार ई-रोजगार पोर्टल erojgar.cg.gov.in पर जाकर उपलब्ध नौकरियों की जानकारी देख सकते हैं। आवेदन के लिए अभ्यर्थियों को पहले पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कर अपनी प्रोफाइल अपडेट करनी होगी। इसके बाद अपनी योग्यता और रुचि के अनुसार पद का चयन कर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रवेश पत्र डाउनलोड कर उसका प्रिंट निकालना जरूरी होगा।
ऑनलाइन प्रोफाइल के आधार पर होगी शॉर्टलिस्टिंग
पोर्टल पर दर्ज प्रोफाइल और आवेदन की जानकारी के आधार पर कंपनियां उम्मीदवारों की प्रारंभिक स्क्रीनिंग और शॉर्टलिस्टिंग कर सकेंगी। चयन प्रक्रिया के बाद योग्य उम्मीदवारों को नौकरी का अवसर मिल सकता है।
रोजगार मेले में ये दस्तावेज लेकर पहुंचें
रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र का प्रिंट, पहचान पत्र, शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, तकनीकी प्रमाण-पत्र, रोजगार पंजीयन कार्ड, बायोडाटा और पासपोर्ट साइज फोटो साथ लेकर जाना होगा। यदि किसी उम्मीदवार के पास अनुभव प्रमाण-पत्र है तो उसे भी साथ लाने की सलाह दी गई है। सभी दस्तावेजों की मूल प्रति के साथ फोटोकॉपी भी रखना आवश्यक होगा।

