NTA security: देश की प्रमुख प्रवेश परीक्षाओं की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई अहम कदम उठाए हैं। NEET-UG परीक्षा से जुड़े पेपर लीक विवाद और सुरक्षा संबंधी सवालों के बाद अब NTA ने अपने नए कार्यालय में सुरक्षा व्यवस्था को पहले से ज्यादा सख्त कर दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, NTA के नए परिसर की सुरक्षा की जिम्मेदारी अब केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) को सौंपी गई है। दिल्ली स्थित नए कार्यालय में संवेदनशील और गोपनीय क्षेत्रों की निगरानी के लिए CISF के जवान तैनात किए गए हैं।
NTA में बढ़ी सुरक्षा व्यवस्था
गोपनीय दस्तावेजों की सुरक्षा पर खास फोकस NTA के नए कार्यालय में प्रश्नपत्र तैयार करने, परीक्षा से जुड़े डेटा और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की सुरक्षा को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है। अधिकारियों के अनुसार, केवल अधिकृत लोगों को ही संवेदनशील क्षेत्रों में प्रवेश की अनुमति होगी। इसके लिए एक्सेस कंट्रोल और निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
बताया जा रहा है कि नए कार्यालय में सुरक्षा जांच, प्रवेश नियंत्रण और निगरानी के लिए आधुनिक तकनीकी उपायों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है, ताकि परीक्षा प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित बनाया जा सके।
NEET विवाद के बाद सुधार
NEET विवाद के बाद परीक्षा प्रणाली में बदलाव NEET-UG पेपर लीक विवाद के बाद केंद्र सरकार और NTA की परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे थे। इसके बाद परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए कई कदमों पर काम शुरू किया गया है। इनमें सुरक्षा प्रोटोकॉल को मजबूत करना, प्रश्नपत्रों की जांच प्रक्रिया में बदलाव और तकनीकी निगरानी बढ़ाना शामिल है।
NTA देश में NEET-UG, JEE Main, CUET समेत कई बड़ी परीक्षाओं का आयोजन करता है। ऐसे में परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करना एजेंसी की बड़ी प्राथमिकता बन गई है।
NTA ऑफिस में CISF तैनात
नए ऑफिस में 39 CISF कर्मियों की तैनाती जानकारी के अनुसार, NTA के नए परिसर में सुरक्षा और प्रवेश नियंत्रण के लिए 39 CISF कर्मियों की तैनाती की गई है। यह कदम परीक्षा से जुड़े संवेदनशील कार्यों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से उठाया गया है। NTA की नई सुरक्षा व्यवस्था का उद्देश्य छात्रों के बीच परीक्षा प्रणाली को लेकर भरोसा बढ़ाना और भविष्य में किसी भी तरह की अनियमितता की संभावना को कम करना है।
