Cg News: राजधानी रायपुर से लगे तिल्दा क्षेत्र के समीप सिमगा तहसील के हथबंद गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां स्वामी आत्मानंद स्कूल के जर्जर मुख्य गेट के गिरने से 7 वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन की लापरवाही को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, मृतक बच्चे की पहचान शिवम यादव (7 वर्ष) के रूप में हुई है। शिवम यादव पिता नन्हीं यादव, निवासी रतनपुर (बिलासपुर), अपने रिश्तेदारों के यहां हथबंद आया हुआ था। शनिवार को वह स्कूल के मुख्य गेट के पास खेल रहा था, तभी अचानक जर्जर पिलर से लगा लोहे का भारी गेट उसके ऊपर गिर गया।
हादसे में मौके पर हुई बच्चे की मौत
गेट गिरने के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बच्चे को बाहर निकाला और बचाने की कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और लोगों में स्कूल प्रबंधन के प्रति नाराजगी भी देखी जा रही है।
लंबे समय से गेट की मरम्मत की मांग कर रहे थे ग्रामीण
ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल का गेट और पिलर काफी समय से खराब हालत में था। इसकी मरम्मत को लेकर कई बार स्कूल प्रबंधन को जानकारी दी गई थी, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अगर समय रहते गेट की मरम्मत कर दी जाती तो यह हादसा टाला जा सकता था।
घटना ने स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
इस हादसे के बाद सरकारी स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्कूल परिसर में बच्चों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजामों और जर्जर भवनों की जांच की मांग भी उठने लगी है।सिमगा एडीएम ने दिए जांच के आदेश
घटना की जानकारी मिलने के बाद सिमगा एडीएम ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। अब जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि लापरवाही के लिए कौन जिम्मेदार है और आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।
जिम्मेदारों पर कार्रवाई की उठ रही मांग
मासूम की मौत के बाद ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि स्कूल जैसे स्थानों पर इस तरह की लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जा सकती। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।

