Raipur Cyber Crime: ऑनलाइन ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच देकर एक ठेकेदार से लाखों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने फेसबुक पर ईसीएन ट्रेडिंग से जुड़ा विज्ञापन दिखाकर पीड़ित को अपने जाल में फंसाया और करीब तीन महीने में उससे 23 लाख 50 हजार रुपए अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करा लिए। मामला न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक अम्लीडीह स्थित शिवम विहार निवासी ठेकेदार समीर सिंह ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
फेसबुक विज्ञापन देखकर किया था संपर्क
समीर सिंह ने पुलिस को बताया कि उन्होंने फेसबुक पर ईसीएन ट्रेडिंग का एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने के बाद आरोपियों ने उन्हें ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश करने की सलाह दी। आरोपियों ने दावा किया कि कम राशि निवेश करने पर भी रोजाना हजारों रुप का मुनाफा कमाया जा सकता है। उन्होंने 20 हजार रुपए निवेश करने पर प्रतिदिन करीब 5 हजार रुपए तक कमाई होने का झांसा दिया। मुनाफे की बातों में आकर समीर सिंह ने आरोपियों के बताए बैंक खातों में पैसे भेजना शुरू कर दिया। शुरुआत में निवेश और रजिस्ट्रेशन के नाम पर रकम जमा कराई गई। इसके बाद ज्यादा मुनाफे का लालच देकर लगातार और पैसे ट्रांसफर करवाए गए। करीब तीन महीने के दौरान पीड़ित ने अलग-अलग किस्तों में कुल 23 लाख 50 हजार रुपए आरोपियों के खातों में भेज दिए।रकम वापस मांगने पर टालते रहे आरोपी
जब समीर सिंह ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने पैसे लौटाने के बजाय अलग-अलग बहाने बनाकर उन्हें टालना शुरू कर दिया। काफी समय बीतने के बाद जब पैसा वापस नहीं मिला तो उन्हें ऑनलाइन ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने न्यू राजेंद्र नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल नंबर, बैंक खातों और पैसों के लेन-देन की जानकारी जुटा रही है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस ठगी में कितने लोग शामिल हैं और रकम किन-किन खातों में ट्रांसफर की गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन निवेश या ट्रेडिंग में किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में आकर पैसे ट्रांसफर करने से पहले पूरी जानकारी जरूर जांच लें।
