CG TET: शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET)-2022 में महज दशमलव के अंतर से पात्रता से चूकने वाली एक अभ्यर्थी को हाई कोर्ट से राहत नहीं मिली है। अदालत ने 89.907 अंक पाने वाली अभ्यर्थी को राउंड ऑफ के जरिए 90 अंक मानकर उत्तीर्ण घोषित करने से साफ इनकार कर दिया। मामले की सुनवाई करते हुए जस्टिस अमितेंद्र किशोर प्रसाद की एकलपीठ ने स्पष्ट किया कि परीक्षा पास करने के लिए निर्धारित न्यूनतम अंक हासिल करना अनिवार्य है। जब तक परीक्षा के नियमों में ऐसा कोई प्रावधान न हो, तब तक दशमलव वाले अंकों को पूर्णांक में बदलकर किसी को पात्रता नहीं दी जा सकती। कोर्ट ने यह भी टिप्पणी की कि परीक्षाओं में अंकों का जरा-सा भी अंतर दूसरे अभ्यर्थियों की मेरिट और स्थिति पर असर डाल सकता है, इसलिए किसी एक को राउंड ऑफ का लाभ देना उचित नहीं है।
क्या था पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, मुंगेली जिले के सेमरसाल की रहने वाली गरिमा पांडेय ने साल 2022 की शिक्षक पात्रता परीक्षा दी थी। सामान्य वर्ग के लिए इस परीक्षा में 60 फीसदी यानी 150 में से 90 अंक लाना जरूरी था। गरिमा के खाते में 89.907 अंक आए। उन्होंने हाई कोर्ट में याचिका दायर कर तर्क दिया कि एक अंक की कमी से वह पात्रता से वंचित रह गईं और उनके अंकों को राउंड ऑफ कर 90 माना जाना चाहिए।
मॉडल आंसर को लेकर भी अहम टिप्पणी
सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने उत्तर कुंजी को लेकर भी स्थिति साफ की। अदालत ने कहा कि वस्तुनिष्ठ प्रश्नों के सही उत्तर तय करने का अधिकार विषय विशेषज्ञों का है और कोर्ट उनके आकलन की जगह अपना आकलन नहीं रख सकता। सुप्रीम कोर्ट के पूर्व फैसलों का जिक्र करते हुए बेंच ने कहा कि मॉडल आंसर में दखल तभी दिया जा सकता है, जब उसमें स्पष्ट और ठोस गलती साबित हो। किसी अन्य किताब या स्रोत में अलग जानकारी दर्ज होने भर से अंतिम मॉडल आंसर को गलत नहीं माना जा सकता।











