भिलाई के खुर्सीपार क्षेत्र में स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को रोककर उनके साथ मारपीट करने, गाली-गलौज करने और शराब पीने के लिए पैसे मांगने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामले में शामिल दो नाबालिगों को भी पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो बाइक और एक लकड़ी का हॉकी स्टिक बरामद किया है।
गिरफ्तार युवकों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। वहीं नाबालिगों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। मामला खुर्सीपार थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार 13 जुलाई की रात करीब 8:40 बजे खुर्सीपार निवासी मोहम्मद शब्बीर ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी।
छात्रों की पहचान से पकड़े गए आरोपी
उन्होंने बताया कि इलाके के कुछ युवक स्कूल जाने वाले छात्रों को रास्ते में रोककर परेशान करते हैं। आरोप है कि युवक बच्चों के साथ मारपीट और गाली-गलौज करते थे। इसके बाद शराब पीने के लिए उनसे पैसों की मांग की जाती थी। पैसे देने से मना करने पर छात्रों को डराया-धमकाया जाता था। शिकायत मिलने के बाद खुर्सीपार पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में जांच करते हुए पीड़ित छात्रों से पूछताछ की और आरोपियों की पहचान कराई। जांच में युवराज साहू और शेखर गुप्ता के नाम सामने आए। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने घटना में शामिल होना स्वीकार किया।नाबालिग साथियों पर भी हुई कार्रवाई
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 19 वर्षीय युवराज साहू निवासी डॉ. राजेंद्र प्रसाद नगर, खुर्सीपार और 21 वर्षीय शेखर गुप्ता निवासी एचसीएल कॉलोनी, तेलहा नाला के पास, नंबर-04 खुर्सीपार के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि इस वारदात में दो नाबालिग लड़के भी शामिल थे। दोनों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत अलग से कार्रवाई की गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी बच्चों को सुनसान जगहों पर रोकते थे और उनसे जबरन पैसे मांगते थे। इस वजह से कई छात्र डर के माहौल में स्कूल आने-जाने को मजबूर थे।