बिलासपुर के चर्चित बाल संप्रेषण गृह हत्याकांड में पुलिस को पहली बड़ी सफलता मिली है। चौकीदार नरेंद्र कुमार खाण्डे की हत्या के मामले में आरोपी दिनेश राठिया को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।
दिनेश राठिया पुलिस के अनुसार, दिनेश राठिया पहले किशोर अवस्था में किए गए अपराधों के कारण बाल संप्रेषण गृह में रखा गया था। हालांकि हत्या की घटना के समय वह और अन्य आरोपी बालिग हो चुके थे, जिसके चलते उन्हें प्लेस ऑफ सेफ्टी यूनिट में रखा गया था। पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी तलाश के लिए अलग-अलग टीमों को लगाया गया है, जो अन्य राज्यों में भी दबिश दे रही हैं।
बाल संप्रेषण गृह में चौकीदार की हुई थी संदिग्ध मौत
यह पूरा मामला बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित बाल संप्रेषण गृह का है। यहां नरेंद्र कुमार खाण्डे (42), पिता फेंकूलाल खाण्डे, सहायक सह रात्रि चौकीदार के पद पर तैनात थे। रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। मृतक के परिजनों का आरोप है कि नरेंद्र कुमार खाण्डे के हाथ-पैर गमछे से बांधे गए थे। इसके बाद उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और गला दबाकर हत्या की गई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि उनके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया था। घटना के बाद परिजनों ने बाल संप्रेषण गृह की व्यवस्था और अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं।इससे जुड़ी खबरें... https://keertiman.com/hi/article/sensation-killing-guard-child-observation-home-police-investigating-suspicion-4-minors
हत्या और दुष्कर्म जैसे मामलों में बंद थे आरोपी
जानकारी के मुताबिक, फरार आरोपियों में से एक की उम्र 20 साल हो चुकी थी और उसे जल्द ही केंद्रीय जेल भेजे जाने की तैयारी थी। वहीं अन्य आरोपी हत्या और दुष्कर्म जैसे गंभीर मामलों में बाल संप्रेषण गृह में रखे गए थे।
तीन फरार आरोपियों की तलाश जारी पुलिस का कहना है कि मामले के बाकी तीन आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। वहीं गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।