China Masters 2026: बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत के अनुभवी शटलर किदांबी श्रीकांत ने पुरुष एकल के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। अब उनका सामना आज हांगकांग के ली चेउक यिउ से होगा।श्रीकांत ने प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में कनाडा के विश्व नंबर-9 खिलाड़ी विक्टर लाई को सीधे गेमों में 21-18, 21-19 से मात दी। इस जीत के साथ उन्होंने टूर्नामेंट में अपनी चुनौती को आगे बढ़ाया है। ली चेउक यिउ के खिलाफ होने वाला अगला मुकाबला उनके लिए एक और कड़ी परीक्षा माना जा रहा है।
सात्विक-चिराग की दमदार वापसी
पुरुष युगल में भारत की स्टार जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी भी अंतिम आठ में पहुंच गई है। भारतीय जोड़ी ने फ्रांस के क्रिस्टो और टोमा जूनियर पोपोव की जोड़ी को तीन गेम तक चले मुकाबले में 21-15, 22-24, 21-9 से हराया। दूसरे गेम में भारतीय खिलाड़ियों को कड़ी चुनौती मिली और मुकाबला 24-22 से फ्रांसीसी जोड़ी के पक्ष में चला गया, लेकिन निर्णायक गेम में सात्विक और चिराग ने शानदार वापसी करते हुए मैच अपने नाम कर लिया।तन्वी शर्मा राउंड ऑफ-16 से बाहर
महिला एकल में भारत की युवा खिलाड़ी तन्वी शर्मा का सफर राउंड ऑफ-16 में समाप्त हो गया। उन्हें जापान की तोमोका मियाज़ाकी के खिलाफ तीन गेम के मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। मिश्रित युगल में भी भारत को निराशा हाथ लगी। ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो की जोड़ी टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। ऐसे में अब भारतीय प्रशंसकों की नजरें पुरुष एकल में श्रीकांत और पुरुष युगल में सात्विक-चिराग की जोड़ी पर टिकी हैं।

