रायपुर जिले के तिल्दा-नेवरा क्षेत्र स्थित कृष्णा राइस मिल में हुई धान चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किया गया 108 कट्टा धान तथा वारदात में प्रयुक्त दो पिकअप वाहन बरामद किए हैं। जब्त की गई संपत्ति की कुल कीमत लगभग 10 लाख 82 हजार 740 रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई को तिल्दा-नेवरा पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गांधी चौक, तिल्दा निवासी दीनानाथ अग्रवाल ने 13 जून 2026 को थाना तिल्दा-नेवरा में शिकायत दर्ज कराई थी।उन्होंने बताया कि 12 और 13 जून की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने उनकी कृष्णा राइस मिल का ताला तोड़कर बड़ी मात्रा में धान चोरी कर लिया शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर बनी विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी तिल्दा-नेवरा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच को तेज किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी गई। जांच के दौरान मिले अहम सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।
पूछताछ में कबूला जुर्म
जांच के दौरान पुलिस ने परवाना देवार, जितेन्द्र निषाद, रजत वर्मा और सब्बी अग्रवाल उर्फ रमेश कुमार अग्रवाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर चारों आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने सुनियोजित तरीके से राइस मिल को निशाना बनाकर धान की चोरी की थी। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किया गया 108 कट्टा धान बरामद कर लिया। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त टाटा एस वाहन क्रमांक सीजी 25 एयू 7682 तथा सीजी 04 पीडी 8673 को भी जब्त किया गया। बरामद संपत्ति की कुल कीमत लगभग 10.82 लाख रुपये बताई गई है।
न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस ने चारों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में अन्य संभावित आरोपियों और चोरी के नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। महज 24 घंटे के भीतर चोरी की बड़ी वारदात का खुलासा कर अधिकांश चोरी का माल बरामद करने पर स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना की है। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
