CIA Fraud Investigation: अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए (CIA) के एक पूर्व वरिष्ठ अधिकारी ने अमेरिकी सरकार के साथ करीब 20 करोड़ डॉलर (भारतीय मुद्रा में लगभग 1,900 करोड़ रुपये) का घोटाला करने का गुनाह कबूल कर लिया है। आरोपी डेविड रश (49 वर्ष) पर धोखाधड़ी, जासूसी और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी बेहद संवेदनशील जानकारियां एक विदेशी सरकार को सौंपने के संगीन आरोप हैं। इस हाई-प्रोफाइल मामले का खुलासा तब हुआ जब जांच अधिकारियों ने आरोपी के ठिकाने पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान रश के पास से 298 सोने की ईंटें, 20 लाख डॉलर नकद, 35 महंगी ब्रांडेड घड़ियां और लग्जरी गाड़ियां बरामद हुईं।
फर्जी कागजात और रियल एस्टेट का खेल
अदालती दस्तावेजों के अनुसार, डेविड रश ने सरकारी पैसे की हेराफेरी के लिए फर्जी कॉन्ट्रैक्ट्स और रियल एस्टेट सौदों का एक जटिल ताना-बाना बुना। उन्होंने फ्लोरिडा में सीक्रेट सरकारी काम का बहाना बनाकर महंगे बंगले खरीदे। इस पूरी साजिश को अंजाम देने के लिए वे खुद ही मंजूरी देने वाले अधिकारी बन बैठे, जिससे बिना किसी निगरानी के अरबों रुपये खर्च होते रहे। इतना ही नहीं, उन्होंने सरकारी पैसों का इस्तेमाल अपने व्यक्तिगत फायदे के लिए किया—जिसमें लक्जरी मकानों की सजावट और 40,000 डॉलर से अधिक के लग्जरी किचन एप्लायंसेज की खरीदारी तक शामिल थी। जनवरी 2026 में 4.5 करोड़ डॉलर के एक संदिग्ध बैंक ट्रांसफर ने इस पूरे घोटाले का पर्दाफाश कर दिया।
राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा
इस घोटाले का सबसे गंभीर पहलू केवल पैसों की हेराफेरी नहीं, बल्कि अमेरिकी खुफिया व्यवस्था से खिलवाड़ है। रश ने एक विदेशी अधिकारी को ऐसे गोपनीय दस्तावेज दिए, जिनमें अमेरिका के एक 'सीक्रेट ह्यूमन सोर्स' (मानव जासूस) की पहचान दर्ज थी। सीआईए के निदेशक जॉन रैटक्लिफ ने इस पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि रश ने अपने पद का दुरुपयोग किया और देश के साथ गद्दारी की है। अभियोजकों का मानना है कि इस जानकारी के लीक होने से न केवल संबंधित जासूस की जान को खतरा पैदा हुआ, बल्कि इससे अमेरिकी खुफिया तंत्र की साख को भी गहरा झटका लगा है।गबन का पैसा छिपाने के लिए खरीदी सोने की ईंटें
एफबीआई की जांच रिपोर्ट बताती है कि नवंबर 2025 से मार्च 2026 के बीच रश ने "ऑपरेशनल खर्चों" के नाम पर बार-बार करोड़ों डॉलर की विदेशी मुद्रा और सोने की ईंटों की मांग की थी। जांचकर्ताओं का कहना है कि रश ने पैसे को ऐसी कमोडिटीज (जैसे सोना और लग्जरी घड़ियां) में बदला, जिन्हें आसानी से बाजार में कैश कराया जा सके। अब हुए समझौते के तहत आरोपी रश को अपनी पूरी संपत्ति—जिसमें 3.9 करोड़ डॉलर के बैंक डिपॉजिट, सोने की ईंटें, दो बीएमडब्ल्यू कारें, लग्जरी घड़ियां और आलीशान मकान शामिल हैं—अमेरिकी सरकार के हवाले करने होंगे। इसके अलावा उन्हें भारी हर्जाना भी चुकाना पड़ेगा।

