बिजली मुद्दे पर कांग्रेस सड़क पर, व्यापारियों से लिया दर्द का फीडबैक
महासमुंद जिले में छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बिजली दरों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर के विरोध में चरणबद्ध जनआंदोलन शुरू किया गया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नेहरू चौक सहित बाजार क्षेत्रों में पहुंचकर व्यापारियों व आम उपभोक्ताओं से आवेदन फॉर्म भरवाए और उनकी समस्याएं दर्ज कीं।
क
कीर्तिमान न्यूज
09 Aug 2026, 08:14 AM
महासमुंद
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बिजली बिल को लेकर जिले में एक बड़े चरणबद्ध जनआंदोलन का शंखनाद हो गया। खल्लारी विधायक व जिला कांग्रेस अध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव के दिशा-निर्देशन और शहर कांग्रेस अध्यक्ष गुरमीत चावला के नेतृत्व में यह ऐतिहासिक अभियान शुरू हुआ। कांग्रेस के दिग्गज नेताओं और कार्यकर्ताओं का हुजूम नेहरू चौक सहित आसपास के बाजारों में उतरा। पार्टी कार्यकर्ताओं ने सीधे व्यापारियों और आम जनता के बीच पहुंचकर घर-घर आवेदन फॉर्म भरवाने के इस महाअभियान की शुरुआत की।
कांग्रेस पार्टी द्वारा घर-घर जाकर यह फॉर्म भरवाने का मुख्य उद्देश्य बिजली की बढ़ी हुई दरों और स्मार्ट मीटर से त्रस्त हर एक उपभोक्ता व व्यापारी की व्यक्तिगत समस्याओं का ठोस डेटा जुटाना, जन-आक्रोश को आधिकारिक रूप से दर्ज करना और सरकार पर नीति बदलने के लिए मजबूत दबाव बनाना है।
बढ़े बिजली बिलों पर छलका व्यापारियों का दर्द
अभियान की शुरुआत के दौरान जब कांग्रेस नेता नेहरू चौक के व्यापारिक प्रतिष्ठानों और दुकानों में पहुंचे, तो वहां का माहौल बेहद भावुक और आक्रोशित हो गया। कांग्रेस नेताओं ने जब व्यापारियों से उनके मौजूदा बिजली बिलों और स्मार्ट मीटर की अनिवार्यता को लेकर सवाल किया, तो हर छोटे-बड़े व्यापारी ने अपनी गंभीर पीड़ा बयां की। कई दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों का दर्द इस कदर छलक आया कि उन्होंने कहा कि आज के दौर में दुकान का किराया और घर का राशन चलाना एक तरफ है, और हर महीने आने वाला भारी-भरकम बिजली बिल चुकाना दूसरी तरफ हो गया है। व्यापारियों ने दोटूक शब्दों में कहा कि मौजूदा बिजली दरें और अनाप-शनाप बिल उनकी कमर तोड़ रहे हैं, और अब बिजली बिल पटाना उनके लिए बहुत भारी पड़ रहा है।
कार्यकर्ता उतरे सड़क पर कांग्रेस की मुहिम पर जनता ने जताया भरोसा
नेहरू चौक के व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं ने कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे इस आवेदन फॉर्म अभियान का न केवल खुले दिल से स्वागत किया, बल्कि खुद आगे बढ़कर विरोध स्वरूप फॉर्म भरे। जनता ने कांग्रेस की इस जमीनी मुहिम पर गहरा विश्वास जताते हुए कहा, "हमें उम्मीद है कि कांग्रेस के इस बड़े आंदोलन से सोई हुई सरकार जागेगी और आम जनता व व्यापारी वर्ग को इस भारी-भरकम बिजली बिल और स्मार्ट मीटर की जबरन थोपी जा रही अनिवार्यता से तत्काल राहत पहुंचाएगी।"
वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं की रही उपस्थिति
इस जनहित के आंदोलन को व्यापक और प्रभावी बनाने के लिए शहर के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और संगठन के पदाधिकारी सड़क पर उतरे। इस अवसर पर प्रमुख रूप से पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर, जिला उपाध्यक्ष संजय शर्मा, जिला महामंत्री भरत ठाकुर, मंडल अध्यक्ष खिलावन बघेल, शहर महामंत्री निर्मल जैन, शहर उपाध्यक्ष व पार्षद मुस्ताक खान विक्की, शहर महामंत्री तबरेज खान, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमन चंद्राकर, महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष सोनम बंसोड, राजू साहू, गोपी तारक, बसंत चंद्राकर, लीलू साहू, अनुराग चंद्राकर, भानु सोनी सहित वार्ड प्रभारी और जांबाज कार्यकर्ता उपस्थित रहे। नेताओं ने अंत में संकल्प दोहराया कि जब तक सरकार बिजली दरों को कम नहीं करती और स्मार्ट मीटर के नाम पर जनता को प्रताड़ित करना बंद नहीं करती, तब तक कांग्रेस की यह जनआवाज हर घर और हर वार्ड तक गूंजती रहेगी।