कवर्धा के पुराने बस स्टैंड स्थित एक दुकान में दिनदहाड़े घुसकर व्यापारी से मारपीट और अपहरण का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने व्यापारी चंद्रशेखर चंद्रवंशी के साथ मारपीट की और उन्हें जबरन कार में बैठाकर ग्राम सैगोना स्थित फार्महाउस ले गए। पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है।
फार्महाउस से व्यापारी को कराया मुक्त
घटना की जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस हरकत में आई। पुलिस टीम ने सैगोना स्थित फार्महाउस पहुंचकर चंद्रशेखर चंद्रवंशी को आरोपियों के कब्जे से सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें थाने लाकर शिकायत दर्ज की गई और मामले की जांच शुरू कर दी गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विष्णु चंद्रवंशी और शशिकांत चंद्रवंशी के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते विष्णु अपने कुछ साथियों के साथ दुकान पहुंचा। आरोप है कि वहां शशिकांत के बड़े भाई चंद्रशेखर के साथ मारपीट की गई और उन्हें जबरन फार्महाउस ले जाया गया, जहां उनके साथ दोबारा मारपीट की गई।पांच आरोपी को हिरासत में लिया
मामले में पुलिस ने विष्णु चंद्रवंशी समेत पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस CCTV फुटेज, शिकायत और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। यह मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।