🔴 BREAKING
रायपुर
Featured
Conversion Controversy: आदिवासी गांवों की सीमा पर अचानक क्यों लगने लगे पाबंदी के बोर्ड? सुप्रीम कोर्ट के एक फैसले के बाद बदल गई तस्वीर!
Conversion Controversy: छत्तीसगढ़ के आदिवासी अंचलों में कथित मतांतरण के विरोध में ग्राम सभाएं सक्रिय हो गई हैं। प्रदेश की 80 से अधिक ग्राम पंचायतों में सूचना बोर्ड लगाए गए हैं। जशपुर, कांकेर, बस्तर और सुकमा में ग्राम सभाओं के फैसलों के बाद धार्मिक स्वतंत्रता और पारंपरिक संस्कृति को लेकर बहस तेज हो गई है।
Conversion Controversy: प्रदेश के अनुसूचित क्षेत्रों में अपनी पारंपरिक संस्कृति, लोककला और रीति-रिवाजों को बचाए रखने के लिए आदिवासी ग्राम सभाएं अब पहले से कहीं ज्यादा मुखर और एकजुट दिखाई दे रही हैं। कथित दबाव और प्रलोभन के जरिए होने वाले
मतांतरण को रोकने के मकसद से अब तक 80 से अधिक ग्राम पंचायतों ने गांव की सीमाओं पर सूचना बोर्ड व बैनर लगा दिए हैं, जिनमें अवैध मतांतरण कराने वाले पादरियों और धर्म प्रचारकों के प्रवेश पर रोक का जिक्र है।
जमीनी स्तर पर ईसाई धर्म प्रचारकों को कथित अवैध मतांतरण को लेकर आदिवासी ग्रामीणों की नाराजगी का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम सभाओं का कहना है कि संविधान की पांचवीं अनुसूची और पेसा (पंचायत उपबंध अनुसूचित क्षेत्रों पर विस्तार) अधिनियम, 1996 के तहत उन्हें यह संवैधानिक व सांस्कृतिक अधिकार प्राप्त है। दूसरी ओर, कुछ ईसाई संगठनों ने इस कदम पर आपत्ति जताते हुए जशपुर में कलेक्टर और एसपी को ज्ञापन सौंपकर विरोध दर्ज कराया है।
सुप्रीम कोर्ट के रुख के बाद तेज हुई हलचल
इस पूरे मामले को तब और हवा मिली, जब 16 फरवरी 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने सूचना बोर्ड हटाने की मांग वाली याचिका को खारिज कर दिया और छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के 28 अक्टूबर 2025 के आदेश को बरकरार रखा। हाईकोर्ट ने अपने फैसले में स्पष्ट किया था कि कांकेर जिले के गांवों में लगे संबंधित होर्डिंग असंवैधानिक नहीं हैं। इस सिलसिले की शुरुआत जून 2025 के आसपास मानी जाती है, जब कांकेर के कुदाल और पारवी समेत कई गांवों में
ग्राम सभाओं के प्रस्ताव पास हुए थे। इसके बाद अगस्त 2025 से बड़े पैमाने पर गांवों के बाहर चेतावनी बोर्ड लगाने का दौर शुरू हुआ।
किन इलाकों में क्या फैसले लिए गए?
जशपुर: नवंबर 2026 में जबला ग्राम पंचायत ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर पादरियों और ननों के प्रवेश पर रोक लगा दी। इससे पहले सोगड़ा, चड़िया, डूमरटोली और टेम्पू समेत कुल पांच ग्राम पंचायतों में प्रवेश निषेध के बोर्ड लग चुके हैं।
कांकेर: कुदाल, सुलंगी, टेकाठोडा, कोंगे और केसरा समेत करीब 26 ग्राम पंचायतों में बाहरी पादरियों, पास्टरों और मतांतरित लोगों द्वारा धार्मिक सभाएं करने पर रोक से जुड़े बोर्ड लगाए गए हैं। जून 2026 में 26 ग्राम सभाओं की संयुक्त बैठक में भी इसी तरह के प्रस्ताव पारित किए गए थे।
बस्तर और अंतागढ़: अक्टूबर 2026 में अंतागढ़ के कानागांव में सेक्टर स्तरीय गायता जोहारनी कार्यक्रम के बाद ग्रामीणों ने प्रवेश रोक का बोर्ड लगाया। बड़े बोदल और आसपास के इलाकों सहित बस्तर संभाग के 50 से ज्यादा गांवों में भी ऐसी ही पाबंदियां लगाई गई हैं।
सुकमा: अक्टूबर 2026 में पुनापल्ली (पोलमपल्ली) ग्राम पंचायत ने प्रस्ताव लाकर पादरियों के प्रवेश, प्रार्थना सभाओं के आयोजन, नए चर्च के लिए जमीन देने और मतांतरित व्यक्तियों के शव दफनाने पर रोक लगाने का फैसला किया।