Tourist Destination: राजधानी रायपुर से करीब 25 किलोमीटर दूर और पाटन से महज छह किलोमीटर की दूरी पर स्थित टोलाघाट इन दिनों दूसरे राजिम के रूप में मशहूर हो रहा है। यहां खारुन नदी और सोनपुर नाला के संगम के बीच 74 फीट ऊंचा शिव मंदिर श्रद्धा और विश्वास का प्रतीक बनकर खड़ा है। नदियों का संगम अक्सर आस्था का केंद्र होता है, लेकिन जब इसके साथ सामाजिक एकजुटता, सामूहिक संकल्प और प्रकृति का सौंदर्य भी जुड़ जाए तो वह स्थान अपनी अलग पहचान बना लेता है।
एक रुपए के चंदे से शुरू हुआ मंदिर निर्माण का सपना
टोलाघाट के शिव मंदिर की कहानी करीब 95 साल पुरानी है। लगभग वर्ष 1930 में ठकुराइन टोला में निषाद समाज की पहली बैठक हुई थी। इसमें 22 गांवों के समाजजनों ने मिलकर मंदिर निर्माण का संकल्प लिया। तय किया गया कि प्रत्येक घर से सालाना एक रुपए का चंदा लिया जाएगा और हर गांव बारी-बारी से श्रमदान करेगा। उस दौर में एक रुपए की राशि भले ही छोटी रही हो, लेकिन इसके पीछे सामूहिक आस्था और एक बड़े सपने की भावना जुड़ी थी।
खारुन और सोनपुर नाला का संगम, इसलिए कहलाता है दूसरा राजिम
खारुन और सोनपुर नाला का संगम तथा बीच में स्थित शिव मंदिर का दृश्य बरबस राजिम की याद दिलाता है। जिस तरह महानदी, पैरी और सोंढूर नदियों के संगम पर स्थित कुलेश्वर महादेव मंदिर अपनी विशिष्ट पहचान रखता है, उसी तरह टोलाघाट का शिव मंदिर भी जलधाराओं के बीच श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है। यही वजह है कि स्थानीय लोग इसे दूसरे राजिम के रूप में देखने लगे हैं।
टोलाघाट की खासियत
खारुन नदी और सोनपुर नाला का मनोरम संगम, 74 फीट ऊंचा भव्य शिव मंदिर, 22 गांवों की एकजुटता से जुड़ा निर्माण इतिहास, 15 से अधिक छोटे-बड़े मंदिर, महाशिवरात्रि का मेला, सर्दियों में प्रवासी पक्षियों का जमावड़ा और प्राकृतिक वातावरण इसे खास बनाते हैं। यहां धार्मिक दर्शन के साथ पिकनिक और अस्थि विसर्जन की सुविधा भी है।सर्दियों में प्रवासी पक्षियों का बनता है ठिकाना
टोलाघाट की खूबसूरती केवल मंदिर और नदी संगम तक सीमित नहीं है। यहां हर साल सैकड़ों प्रवासी पक्षी भी पहुंचते हैं। नदी के आसपास का शांत वातावरण और प्राकृतिक परिवेश इन पक्षियों के अनुकूल है। सर्दियों के मौसम में इनका जमावड़ा यहां की सुंदरता में चार चांद लगा देता है। खास बात यह है कि स्थानीय ग्रामीण इन मेहमान पक्षियों की सुरक्षा का भी ध्यान रखते हैं।
नदी किनारे 15 से अधिक मंदिर, महाशिवरात्रि पर लगता है मेला
शिव मंदिर का निर्माण पूरा होने के बाद खारुन नदी के तटों पर श्रद्धालुओं ने अपनी आस्था के अनुरूप देवी-देवताओं के मंदिर बनवाए। वर्तमान में यहां 15 से अधिक छोटे-बड़े मंदिर हैं। संगम क्षेत्र में स्थित ये मंदिर पूरे परिसर को धार्मिक स्वरूप प्रदान करते हैं। महाशिवरात्रि के अवसर पर यहां प्रतिवर्ष मेला आयोजित होता है। मंदिर समिति की ओर से मेले की व्यवस्था की जाती है। इस दौरान आसपास के गांवों के साथ दूर-दराज से भी श्रद्धालु पहुंचते हैं।पिकनिक के साथ अस्थि विसर्जन के लिए भी प्रसिद्ध है टोलाघाट
धार्मिक महत्व के साथ टोलाघाट अब आसपास के लोगों के लिए पसंदीदा पिकनिक स्थल भी बन चुका है। नदी का विस्तृत किनारा, संगम का नजारा और मंदिर परिसर लोगों को आकर्षित करता है। रायपुर, दुर्ग और अभनपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से लोग यहां पहुंचते हैं। टोलाघाट तक पक्की सड़क होने से आवागमन भी सुविधाजनक है।
लक्ष्मण झूला बनने से पर्यटन की संभावनाओं को मिलेगी नई पहचान
टोलाघाट की धार्मिक और प्राकृतिक पहचान को व्यापक स्तर पर स्थापित करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के पर्यटन मानचित्र में इसे शामिल कराने की दिशा में यहां लक्ष्मण झूला बनाया गया है। इससे संगम क्षेत्र में पर्यटकों के आकर्षण और आवागमन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।












