यह घटना 18 जून 2026 की बताई जा रही है। पीड़िता के पति और आरोपी भास्कर जना मूल रूप से ओडिशा के रहने वाले हैं और वर्तमान में रायपुर के अभनपुर क्षेत्र के ग्राम कोलार, न्यू शांति नगर में एक ही मकान में अलग-अलग हिस्सों में किराए से रह रहे थे। सभी लोग आकृति बिस्किट फैक्ट्री में कार्यरत थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से पड़ोसी की पत्नी पर गलत नजर रखता था। घटना के दिन आरोपी अपनी पत्नी और पीड़िता के पति के साथ फैक्ट्री गया था, लेकिन दोपहर में मौका देखकर वह घर लौट आया। आरोपी को पहले से जानकारी थी कि उस समय महिला घर में अकेली रहती है।
आरोप है कि आरोपी ने जबरन घर में प्रवेश किया और कमरे का दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद चाकू दिखाकर महिला को धमकाया और उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। इतना ही नहीं, उसने मोबाइल फोन से पीड़िता के फोटो और वीडियो भी बना लिए।
डर और धमकियों के बीच पीड़िता का साहसिक निर्णय
घटना के बाद किसी तरह आरोपी के चंगुल से निकलकर पीड़िता ने अपने पति को फोन कर पूरी जानकारी दी। इसके बाद पति, आरोपी की पत्नी और मकान मालकिन मौके पर पहुंचे। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चाकू लेकर हमला करने की कोशिश भी की, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति बिगड़ते देख मकान मालकिन ने साहस दिखाते हुए डंडे से आरोपी के सिर पर वार किया। इसके बाद आसपास के लोगों की मदद से उसे पकड़ लिया गया और पुलिस को सूचना दी गई।पुलिस कार्रवाई और मामला दर्ज
सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया। प्राथमिक उपचार के बाद पीड़िता की शिकायत पर अपराध क्रमांक 199/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64, 351(2) और 333 में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी भास्कर जना (23 वर्ष), पिता परमेश्वर जना, निवासी ग्राम पितामाहुल, थाना सुबलाया, जिला सोनापुर (ओडिशा) तथा वर्तमान निवासी न्यू शांति नगर, अभनपुर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पीड़िता,के पति और मकान मालकिन के बयान दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को कानून के तहत कड़ी सजा दिलाने की प्रक्रिया जारी रहेगी।