Crispy Chilli Bhindi Recipe: रोज-रोज एक ही तरह की भिंडी की सब्जी खाकर ऊब चुके हैं? अगर आप अपने रोजाना के खाने में थोड़ा ट्विस्ट लाना चाहते हैं, तो 'क्रिस्पी चिली भिंडी' आपके लिए बेस्ट ऑप्शन है। इंडो-चाइनीज फ्लेवर का यह फ्यूजन न सिर्फ स्वाद में जबरदस्त है, बल्कि इसे बनाना भी बेहद आसान है। जो लोग भिंडी खाने में नखरे दिखाते हैं, वे भी इस क्रिंची और चटपटे रूप को उंगलियां चाट-चाटकर खाएंगे।
- भिंडी: 250 ग्राम
- कॉर्नफ्लोर: 1 चम्मच और डस्टिंग के लिए थोड़ा
- मैदा: 1 चम्मच
- अरोमाट पाउडर: थोड़ा सा
- नमक: स्वादानुसार
- तेल: फ्राई करने के लिए
- प्याज: 1 छोटा, क्यूब्स में कटा हुआ
- शिमला मिर्च: 1 छोटी, क्यूब्स में कटी हुई
- लहसुन: बारीक कटा हुआ
- अदरक: बारीक कटा हुआ
- हरी मिर्च: बारीक कटी हुई
- चिली पेस्ट: जरूरत के अनुसार
- टोमेटो केचप: जरूरत के अनुसार
- मशरूम बेस्ड ऑयस्टर सॉस: थोड़ा सा
- डार्क सोया सॉस: थोड़ा सा
- कैस्टर शुगर: 1 चुटकी
- स्प्रिंग अनियन: गार्निश के लिए
- पानी: जरूरत के अनुसार
बनाने की विधि
- भिंडी को अच्छी तरह सुखाएं: सबसे पहले भिंडी को अच्छी तरह धोकर सूती कपड़े या टिश्यू से पूरी तरह सुखा लें। ध्यान रखें कि भिंडी में बिल्कुल नमी न रहे, वरना बैटर सही से नहीं चिपकेगा और भिंडी क्रिस्पी नहीं बनेगी। अब भिंडी के दोनों छोर काटकर इसे मध्यम आकार के टुकड़ों में काट लें। साथ ही प्याज और शिमला मिर्च को भी छोटे क्यूब्स में काट लें।
- पतला घोल (Batter) और कोटिंग: एक कटोरे में 1 चम्मच मैदा, 1 चम्मच कॉर्नफ्लोर, चुटकी भर अरोमाट पाउडर और नमक मिलाएं। इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाकर एक पतला घोल तैयार करें। बैटर की कंसिस्टेंसी इतनी पतली होनी चाहिए कि भिंडी पर सिर्फ हल्की परत चढ़े। इस घोल को भिंडी पर डालें और हल्के हाथों से मिलाएं। इसके बाद ऊपर से थोड़ा सूखा कॉर्नफ्लोर छिड़क कर (डस्टिंग) मिक्स करें।
- फ्राई करने का तरीका: कढ़ाई में तेल को मीडियम गर्म करें। कटी हुई भिंडी को तब तक फ्राई करें जब तक वह हल्की सुनहरी और कुरकुरी न हो जाए। ध्यान रखें कि भिंडी को हाफ-फ्राई करके न रखें, तुरंत तलकर सॉस में टॉस करने से ही इसका क्रंच बरकरार रहता है।
- सॉस और सब्जियों का टॉस: एक पैन में थोड़ा सा तेल गर्म करें। इसमें बारीक कटा लहसुन, अदरक और हरी मिर्च डालकर हल्का सा भूनें। अब कटे हुए प्याज और शिमला मिर्च डालें और तेज आंच पर कुछ सेकंड टॉस करें ताकि सब्जियों का क्रंचीपन खत्म न हो।
- फ्लेवर्स और फाइनल फिनिशिंग: पैन में चिली पेस्ट, टोमेटो केचप, सोया सॉस और ऑयस्टर सॉस मिलाएं। सॉस की मात्रा संतुलित रखें ताकि भिंडी नरम न पड़े। अब अरोमाट पाउडर, हल्का नमक और एक चुटकी कैस्टर शुगर डालें। थोड़ा सा पानी डालकर सॉस को मिलाएं और फिर फ्राई की हुई भिंडी को इसमें डाल दें। गैस बंद करें और भिंडी को सॉस के साथ हल्का टॉस करें ताकि हर टुकड़े पर सॉस की पतली कोटिंग आ जाए। अंत में बारीक कटे स्प्रिंग अनियन से सजाएं और गर्मागर्म सर्व करें। इसे आप शाम के स्नैक या पार्टी स्टार्टर के रूप में परोस सकते हैं।

