सरगुजा पुलिस ने क्रिप्टोकरेंसी में भारी मुनाफे का लालच देकर लोगों से पैसे ऐंठने वाले एक गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर Bitget Wallet (LGNS) नामक क्रिप्टो प्लेटफॉर्म में निवेश के नाम पर लोगों को झांसा देने और नकदी वसूलने का आरोप है।
पुलिस ने इनके पास से लैपटॉप, मोबाइल, प्रोजेक्टर, स्पीकर, डायरी समेत कई सामान बरामद किए हैं। वहीं, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक, दरिमा थाना क्षेत्र के इंदरपुर निवासी विद्याचरण राव ने मणिपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि कुछ परिचितों ने उन्हें क्रिप्टोकरेंसी में निवेश करने के लिए प्रेरित किया था।
होटल में आयोजित सेमिनार में दिया गया था झांसा
19 जुलाई को अंबिकापुर के होटल फिल आनंदम में एक सेमिनार आयोजित किया गया था। यहां लोगों को बताया गया कि Bitget Wallet (LGNS) में 10 हजार रुपए निवेश करने पर एक साल में यह रकम बढ़कर 1 लाख रुपए तक पहुंच सकती है। मुनाफे के लालच में आकर शिकायतकर्ता ने मौके पर ही 10 हजार रुपए नकद जमा कर दिए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।पांच आरोपी गिरफ्तार, कई सामान जब्त
पुलिस ने इस मामले में कान्ता प्रसाद राजवाड़े, राजकुमार पैकरा, जीवन साय टोप्पो, फिरोज लकड़ा और मुकेश कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लोगों को जोड़ने के लिए सेमिनार आयोजित करते थे। इसके बाद उन्हें एक ऐप डाउनलोड करवाकर अधिक रिटर्न का भरोसा दिलाते थे और निवेश के नाम पर पैसे लेते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लैपटॉप, प्रोजेक्टर, मोबाइल फोन, स्पीकर, डायरी, नोटबुक, चार्जर सहित अन्य सामग्री जब्त की है।