CSEB Recruitment: छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है,छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज ने अपनी तीनों कंपनियों में कुल 1,501 पदों पर भर्ती के लिए विस्तृत विज्ञापन जारी किया है। इस भर्ती के तहत द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इच्छुक अभ्यर्थियों को अलग-अलग पदों के लिए निर्धारित योग्यता और पात्रता शर्तों के अनुसार आवेदन करना होगा।
तीनों कंपनियों में 1,501 पदों पर होगी नियुक्ति
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर शुरू की गई इस भर्ती प्रक्रिया में कुल 38 संवर्गों के पद शामिल हैं। इनमें द्वितीय श्रेणी के 195 पद और तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के 1,306 पदों पर भर्ती की जाएगी। रिक्तियों में सबसे ज्यादा पद कनिष्ठ अभियंता और डाटा एंट्री ऑपरेटर के हैं। भर्ती छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी, ट्रांसमिशन कंपनी और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के लिए की जाएगी।
कनिष्ठ अभियंता और डाटा एंट्री ऑपरेटर के सबसे अधिक पद
जारी विज्ञापन के अनुसार, कनिष्ठ अभियंता (इलेक्ट्रिकल) के कुल 167 पदों पर भर्ती होगी। इनमें जनरेशन कंपनी के 11, ट्रांसमिशन कंपनी के 32 और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के 124 पद शामिल हैं। वहीं, डाटा एंट्री ऑपरेटर के लिए कुल 609 पद निर्धारित किए गए हैं। इनमें जनरेशन कंपनी में 95, ट्रांसमिशन कंपनी में 64 और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी में 450 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
- 10वीं की मार्कशीट एवं प्रमाण पत्र
- 12वीं की मार्कशीट (यदि पद के लिए आवश्यक हो)
- ITI / डिप्लोमा / ग्रेजुएशन / इंजीनियरिंग डिग्री (पद के अनुसार)
- छत्तीसगढ़ मूल निवास प्रमाण पत्र (जहां अनिवार्य हो)
- जाति प्रमाण पत्र (आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के लिए)
- पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो
- उम्मीदवार के हस्ताक्षर (स्कैन कॉपी)
- आधार कार्ड या अन्य पहचान पत्र
- सक्रिय मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी
- ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा करने के लिए डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, UPI या नेट बैंकिंग की सुविधा।
6 नवंबर से शुरू हुए ऑनलाइन आवेदन
भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 6 नवंबर 2026 को शाम 8 बजे से शुरू हो गई है। इच्छुक उम्मीदवार 26 नवंबर 2026 की रात 11:55 बजे तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम समय सीमा भी यही निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी नेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड और यूपीआई के माध्यम से शुल्क का भुगतान कर सकेंगे।छत्तीसगढ़ के मूल निवासियों के लिए जरूरी शर्त
भर्ती विज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों के लिए केवल छत्तीसगढ़ के मूल निवासी ही आवेदन कर सकेंगे। अलग-अलग पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता, निर्धारित आयु सीमा और अन्य पात्रता की शर्तें भी तय की गई हैं। उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले संबंधित पद का विस्तृत विज्ञापन ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है।
आवेदन के दौरान बतानी होगी कंपनी की प्राथमिकता
तीनों पावर कंपनियों के साझा पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को फॉर्म भरते समय कंपनी की प्राथमिकता का क्रम भी देना होगा। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभ्यर्थियों को उनकी मेरिट, आवेदन में दी गई प्राथमिकता और संबंधित कंपनी में उपलब्ध रिक्तियों के आधार पर कंपनी आवंटित की जाएगी।
पहले जारी विज्ञापन में किया गया था संशोधन
इस भर्ती प्रक्रिया को लेकर प्रारंभिक विज्ञापन 7 अगस्त 2026 को जारी किया गया था, इसके बाद 14 सितंबर 2026 को इसमें संशोधन किया गया। अब विस्तृत भर्ती विज्ञापन जारी होने के साथ ही आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए यह छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज में रोजगार पाने का एक बड़ा अवसर है।












