भिलाई के जोन-2 अंतर्गत वार्ड-26 स्थित आजाद चौक में हाल ही में निर्मित करीब 70 फीट ऊंची पानी की टंकी अब स्थानीय लोगों के लिए चिंता का विषय बन गई है। टंकी का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन अभी इसकी तकनीकी जांच (टेस्टिंग) नहीं हुई है। इसके बावजूद बच्चे और युवा टंकी पर चढ़कर फोटोशूट, सेल्फी और खतरनाक स्टंट करते नजर आ रहे हैं। इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
70 फीट की ऊंचाई पर खतरनाक करतब
वायरल वीडियो में कुछ बच्चे और युवक पानी की टंकी के सबसे ऊपरी हिस्से तक पहुंचते दिखाई दे रहे हैं। वहां वे बेखौफ होकर फोटो खिंचवा रहे हैं और स्टंट कर रहे हैं। वीडियो में एक बच्चा टंकी के किनारे बैठकर दो बार अपने दोनों पैर बाहर लटकाता नजर आता है। इतनी अधिक ऊंचाई पर की गई यह लापरवाही किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकती थी। वीडियो देखने वाले लोग भी इसे बेहद जोखिम भरा बता रहे हैं।
चेतावनी के बावजूद नहीं थम रही लापरवाही
सेल्फी और रील का नया स्पॉट बनी टंकी
नई टंकी बनने के बाद से यह स्थान युवाओं के बीच सेल्फी और रील बनाने के लिए लोकप्रिय हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार बच्चे और युवक टंकी पर चढ़कर वीडियो बनाते हैं और सोशल मीडिया के लिए फोटो शूट करते हैं। उन्हें कई बार समझाया भी गया, लेकिन अब तक इस पर कोई खास असर देखने को नहीं मिला। घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम से टंकी के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि ऊपर जाने वाले रास्ते को पूरी तरह बंद किया जाए, जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाए और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं। उनका मानना है कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी तय करना मुश्किल होगा।