भिलाई के स्मृति नगर थाना क्षेत्र स्थित कुणाल होटल में 19 वर्षीय शादाब शेख की मौत के मामले में पुलिस की जांच जारी है। बुधवार को पुलिस ने घटना के बाद सुरक्षा कारणों से सखी सेंटर में रखी गई 23 वर्षीय युवती को उसके घर भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, शादाब के परिजन युवती पर लगातार आरोप लगा रहे थे, जिसके चलते उसकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसे कुछ समय के लिए सखी सेंटर में रखा गया था।
मामले में शादाब की पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी सामने आ गई है। रिपोर्ट के अनुसार, उसकी मौत फांसी लगाने से हुई थी। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, होटल से मिले साक्ष्य और पूछताछ में सामने आई जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
8 जुलाई को होटल में मिली थी घटना की जानकारी
पुलिस जांच में सामने आया है कि 8 जुलाई की सुबह होटल में इस घटना का पता चला था। शादाब और युवती एक दिन पहले होटल पहुंचे थे। दोनों ने रात में साथ समय बिताया और पार्टी भी की थी। इसी दौरान शादाब के मोबाइल पर उसकी पूर्व प्रेमिका का फोन आया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद होने की बात सामने आई है।पुलिस के अनुसार, पूर्व प्रेमिका के फोन के बाद शादाब और युवती के बीच कहासुनी हुई थी। विवाद के कुछ देर बाद युवती कमरे में सो गई। इसी दौरान शादाब ने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब युवती की नींद खुली तो उसने शादाब को फंदे पर लटका देखा।
फंदा काटकर दोस्त को दी थी सूचना
शादाब को फंदे पर देखकर युवती घबरा गई। वह होटल से बाहर निकली और सामने की दुकान से ब्लेड खरीदकर वापस कमरे में आई। उसने ब्लेड से फंदा काटा, जिससे शादाब नीचे बिस्तर पर गिर गया। इसके बाद युवती ने शादाब के दोस्त को फोन कर घटना की जानकारी दी। दोस्त मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि घटना के बाद युवती काफी डर गई थी। उसे आशंका थी कि उस पर हत्या का आरोप लगाया जा सकता है। इसी डर के चलते उसने अपने हाथ पर ब्लेड से कट लगा लिया और गले पर नाखून के निशान भी बनाए, ताकि ऐसा लगे कि उसके साथ मारपीट हुई है।परिजन जता रहे हत्या की आशंका, निष्पक्ष जांच की मांग
वहीं, शादाब के परिजन शुरुआत से ही इस मामले को हत्या बता रहे हैं। उनका आरोप है कि घटना की पूरी सच्चाई सामने आनी चाहिए और सभी पहलुओं की गहराई से जांच होनी चाहिए। परिजनों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर मामले का खुलासा करने की मांग की है।