भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने अपना 45वां जन्मदिन क्रिकेट के माहौल में ही मनाया। 7 जुलाई को वह इंग्लैंड के नॉटिंघम स्थित ट्रेंट ब्रिज स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के दौरान मौजूद रहे। मैच देखने पहुंचे धोनी की एक झलक मिलते ही स्टेडियम का माहौल उत्साह से भर गया।
मैच के दौरान जब स्टेडियम की बड़ी स्क्रीन पर धोनी की तस्वीर दिखाई गई तो दर्शकों ने तालियों और जयकारों के साथ उनका स्वागत किया। हॉस्पिटैलिटी स्टैंड में बैठे धोनी पूरे मुकाबले का आनंद लेते नजर आए और उनकी मौजूदगी ने फैंस का उत्साह और बढ़ा दिया। इस दौरान धोनी ने भारतीय टीम के सपोर्ट स्टाफ के सदस्यों से भी मुलाकात की।
भारत को मिली 125 रन की करारी हार
इंग्लैंड की पारी के पावरप्ले के बाद कैमरा कुछ देर के लिए उनकी ओर गया, जहां वह हाथ में कॉफी का कप लिए खड़े दिखाई दिए। उनके आसपास टीम इंडिया के सहयोगी स्टाफ के अलावा अन्य लोग भी मौजूद थे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने भी ट्रेंट ब्रिज से धोनी की तस्वीर साझा करते हुए उनके जन्मदिन की झलक प्रशंसकों तक पहुंचाई। हालांकि मैदान पर भारतीय टीम के लिए दिन बेहद निराशाजनक रहा। 202 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया महज 76 रन पर सिमट गई और इंग्लैंड ने मुकाबला 125 रन के बड़े अंतर से अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ पांच मैचों की टी20 सीरीज में इंग्लैंड ने 2-0 की बढ़त बना ली है।टी20 इतिहास में भारत की सबसे बड़ी हार
सीरीज का एक मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो चुका है। अब भारत के पास सीरीज बराबर करने का एकमात्र रास्ता यह है कि वह शेष दोनों मैच जीतकर वापसी करे। भारतीय बल्लेबाजी इस मुकाबले में पूरी तरह विफल रही। 125 रन की यह हार टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रन के अंतर के हिसाब से भारत की सबसे बड़ी हार बन गई।
इससे पहले वर्ष 2019 में न्यूजीलैंड ने भारत को 80 रन से हराया था। इसके अलावा 76 रन का स्कोर टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत का दूसरा सबसे कम टीम स्कोर भी है। इस सूची में सबसे नीचे 2008 का वह मैच है, जब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारतीय टीम केवल 74 रन पर ऑलआउट हो गई थी।