Diler Kharkiya Attack: प्रसिद्ध हरियाणवी गायक दिलेर खरकिया उस वक्त बाल-बाल बच गए, जब अज्ञात बदमाशों ने उनकी रेंज रोवर गाड़ी पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। अचानक हुए इस हमले से इलाके में हड़कंप मच गया। राहत की बात यह रही कि हमले के दौरान सिंगर पूरी तरह सुरक्षित रहे और उन्हें कोई चोट नहीं आई।
घटना के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आया, जिसने मामले को और ज्यादा गरमा दिया है। अनिल पंडित नाम के एक शख्स ने इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए लिखा—‘इस फायरिंग की जिम्मेदारी हिमांशु सोनीपत, हैरी बॉक्सर, हरमन संधू और अनिल पंडित लेते हैं। या तो हमारी कॉल का जवाब दो, वरना सीधी छाती में गोली मारी जाएगी।’
धमकी भरा यह पोस्ट वायरल होते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। दिलेर मशहूर रागनी सम्राट राजेंद्र खरकिया के बेटे हैं, लिहाजा मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अनिल पंडित और उसके साथियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
रागनी सम्राट के बेटे से लेकर हिट गानों के किंग बनने तक का सफर
8 अगस्त 1997 को भिवानी के खरक गांव में जन्मे दिलेर खरकिया को संगीत विरासत में मिला है। महज 9 साल की उम्र से अपने पिता राजेंद्र खरकिया के साथ रागनी के मंचों पर गाने वाले दिलेर का मन कभी पढ़ाई-लिखाई में नहीं लगा। परिवार ने भी उनके हुनर को पहचाना और कभी बंदिशें नहीं लगाईं।
यह भी पढ़ेंGorela Murder Case: चरित्र पर शक के चलते पति ने की पत्नी की हत्या, झाड़ियों में फेंकी लाशसाल 2018 में हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में कदम रखने वाले दिलेर ने बहुत कम समय में अपनी अलग पहचान बना ली। उनके गाए गाने 'मोटो', 'लीलो चमन', 'जूती काली', 'हाई कोर्ट', 'कबूतरी' और 'आलू मटर' जैसे गानों ने यूट्यूब और सोशल मीडिया पर तहलका मचा रखा है।
गायकों पर बढ़ते हमले: पंजाब से हरियाणा तक दहशत का माहौल
म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े कलाकारों पर हमले और रंगदारी मांगने का यह कोई पहला मामला नहीं है। बीते कुछ महीनों में सिंगर्स को निशाना बनाने की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। हाल ही में कनाडा के एबॉट्सफोर्ड इलाके में पंजाबी एक्टर और सिंगर एम्मी विर्क की गाड़ी पर भी देर रात ताबड़तोड़ फायरिंग की खबर सामने आई थी। हालांकि, एम्मी विर्क के पिता ने बाद में बयान जारी कर इन दावों को खारिज करते हुए कहा था कि हमला उनके बेटे को निशाना बनाकर नहीं किया गया था।
फिलहाल हरियाणा पुलिस दिलेर खरकिया मामले में सोशल मीडिया अकाउंट्स को ट्रैक कर रही है और वारदात के पीछे किसी बड़े गैंगस्टर्स नेटवर्क का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है।
