खुलासा : दुर्ग में पंचायत के भीतर उपसरपंच पर हमला, CCTV फुटेज से खुला पूरा मामला
दुर्ग जिले के पाटन ब्लॉक स्थित ग्राम पंचायत सांकरा में उपसरपंच रामशरण बंधे पर पंचायत भवन के भीतर पंचायत सदस्य द्वारा कथित रूप से डंडे से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। 11 जून 2026 को हुई इस घटना में उपसरपंच को पीठ और हाथ में चोट आई। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसे पुलिस ने अहम साक्ष्य के रूप में जांच में शामिल किया है।
दुर्ग जिले के पाटन ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत सांकरा में उपसरपंच पर पंचायत सदस्य द्वारा रूप से जानलेवा हमला किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। यह पूरी घटना पंचायत भवन के भीतर हुई और वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना 11 जून की है। ग्राम पंचायत सांकरा के उपसरपंच रामशरण बंधे (54) पंचायत सचिव ईश्वर निषाद के साथ कार्यालय में ग्राम विकास कार्यों को लेकर चर्चा कर रहे थे। इसी दौरान गांव के पंच तुलाराम सिंगौर वहां पहुंचे और अचानक विवाद शुरू हो गया।
गाली-गलौज के बाद डंडे से हमला
आरोप है कि पंच तुलाराम सिंगौर ने गाली-गलौज करते हुए डंडे से उपसरपंच पर हमला कर दिया। इस हमले में रामशरण बंधे की बाईं पीठ और हाथ की एक उंगली में चोट आई। घटना के बाद पंचायत भवन में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी घबरा गए। घटना के समय पंचायत कार्यालय में मौजूद चपरासी संजय डहरिया और सचिव ईश्वर निषाद ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए मुख्य द्वार बंद कर दिया। इससे आरोपी आगे और हमला नहीं कर सका। बाद में सचिव के हस्तक्षेप से स्थिति को किसी तरह नियंत्रित किया गया। उपसरपंच रामशरण बंधे ने आरोप लगाया है कि हाल ही में हुए जनपद सदस्य उपचुनाव में उनकी सक्रिय भूमिका रही थी। इसी वजह से आरोपी पक्ष नाराज था और चुनावी हार की रंजिश के चलते यह हमला किया गया।
CCTV फुटेज बना सबसे बड़ा सबूत
पूरी घटना पंचायत भवन में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जो अब पुलिस जांच का अहम हिस्सा बन गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रही है और संबंधित लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।