विवाद : पानी के झगड़े ने लिया खूनी रूप, गांव में तनाव का माहौल
पानी को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ओर से लाठी, लोहे की रॉड और कुल्हाड़ी से हमला किया गया। घटना में 9 लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार दोनों परिवारों के बीच पहले से जमीन विवाद चल रहा था।
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पानी को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें डंडे, लोहे की रॉड और कुल्हाड़ी से हमला किया गया। इस हिंसक झड़प में 9 लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शनिवार को जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र के ग्राम दांडेसरा में पानी को लेकर विवाद शुरू हुआ। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों परिवार आमने-सामने आ गए। आरोप है कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
9 लोग घायल, कई की हालत गंभीर
इस खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक कुछ लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।
जमीन विवाद की पुरानी रंजिश आई सामने
ग्रामीणों के अनुसार दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद
चल रहा है। दोनों पक्ष रिश्तेदार बताए जा रहे हैं और उनके दादा सगे भाई
थे। गांव वालों का कहना है कि पहले भी जमीन विवाद को लेकर दोनों परिवारों
के बीच हिंसक झड़प हो चुकी है। उस समय भी टंगिया से हमला हुआ था और पुलिस
की मौजूदगी में समझौता कराया गया था।
पुरानी दुश्मनी ने बढ़ाया तनाव
बताया जा रहा है कि इस बार पानी को लेकर हुआ विवाद पुरानी रंजिश की वजह से और ज्यादा भड़क गया। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस बल गांव में तैनात किया गया है ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना दोबारा न हो। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी में जुटी हुई है।