Diwali Special Recipe: दिवाली का त्योहार मिठाइयों के बिना अधूरा लगता है, इस खास मौके पर घरों में तरह-तरह के पकवान बनाए जाते हैं और बाजार से भी मिठाइयां खरीदी जाती हैं। उत्तर भारत में दिवाली के दौरान सफेद रसगुल्लों की मांग खासतौर पर बढ़ जाती है। नरम, स्पंजी और चाशनी से भरे रसगुल्ले बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आते हैं। त्योहारों के समय बाजार में मिलने वाली मिठाइयों की गुणवत्ता और उनमें इस्तेमाल होने वाली सामग्री को लेकर अक्सर सवाल उठते हैं। कई बार मिलावट या जरूरत से ज्यादा प्रिजर्वेटिव्स के इस्तेमाल की आशंका भी रहती है।
सबसे पहले तैयार करें मुलायम छेना
रसगुल्ले बनाने के लिए सबसे पहले एक भारी तले वाले बर्तन में 2 लीटर दूध डालकर उबालें। दूध में अच्छी तरह उबाल आने के बाद गैस बंद कर दें और इसे करीब 2 मिनट तक ठंडा होने दें। इसके बाद नींबू के रस में थोड़ा पानी मिलाकर धीरे-धीरे दूध में डालें। हल्के हाथ से चलाते रहें। कुछ ही देर में दूध फट जाएगा और छेना पानी से अलग होने लगेगा।
रसगुल्ले बनाने के लिए जरूरी सामग्री
घर पर रसगुल्ले बनाने के लिए ज्यादा सामान की जरूरत नहीं पड़ती। इसके लिए मुख्य रूप से दूध, चीनी और नींबू की आवश्यकता होती है।
- दूध – 2 लीटर
- चीनी – 3 कप
- पानी – 4 से 5 कप
- नींबू का रस – आवश्यकतानुसार
- ठंडा पानी – छेना धोने के लिए
छेने को अच्छी तरह मसलना है सबसे जरूरी
रसगुल्लों को स्पंजी और मुलायम बनाने में छेने को मसलने की अहम भूमिका होती है। छेने को एक साफ प्लेट या परात में निकालकर हथेली के पिछले हिस्से से अच्छी तरह मसलें। इसे तब तक मसलते रहें, जब तक छेना चिकना और मक्खन जैसा मुलायम न हो जाए। इसके बाद छेने की छोटी-छोटी गोलियां बनाएं। ध्यान रखें कि उनमें दरारें नहीं होनी चाहिए, वरना पकाते समय रसगुल्ले टूट सकते हैं।तैयार करें चीनी की चाशनी
अब एक बड़े और चौड़े बर्तन या कुकर में 3 कप चीनी और 4 से 5 कप पानी डालें, इसे गैस पर रखकर अच्छी तरह उबालें। चाशनी में तेज उबाल आने के बाद ही छेने से तैयार की गई गोलियां एक-एक करके इसमें डालें। बर्तन में इतनी जगह जरूर होनी चाहिए कि रसगुल्लों को फूलने के लिए पर्याप्त स्थान मिल सके।
ढक्कन लगाकर पकाएं, तभी बनेंगे स्पंजी रसगुल्ले
रसगुल्लों को चाशनी में डालने के बाद बर्तन पर ढक्कन लगा दें और तेज आंच पर पकने दें, चाशनी में लगातार उबाल बना रहना चाहिए। भाप और गर्मी की मदद से रसगुल्ले धीरे-धीरे फूलने लगेंगे। पकाते समय बार-बार ढक्कन खोलने से बचें। यही तरीका रसगुल्लों को हलवाई जैसी स्पंजी बनावट देने में मदद करता है।
इन छोटी बातों का रखें खास ध्यान
घर पर रसगुल्ले बनाते समय कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए। छेने में ज्यादा पानी नहीं होना चाहिए, लेकिन उसे पूरी तरह सूखा भी नहीं रखना है। छेने को अच्छी तरह मसलना जरूरी है और उससे बनाई गई गोलियां चिकनी होनी चाहिए। इसके अलावा रसगुल्लों को हमेशा उबलती हुई चाशनी में डालें और पकाते समय बर्तन को ढककर रखें।












