Durg Road Accident: ग्राम झीट में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मोतीपुर के पास मेन रोड पर तेज रफ्तार बाइक अचानक सामने आई गाय को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी फेंसिंग से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। वहीं, टक्कर की चपेट में आने से गाय की भी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, बाइक पर तीन लोग सवार होकर झीट मेन रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान अचानक सड़क पर एक गाय आ गई।
बाइक चालक ने उसे बचाने के लिए तुरंत दिशा बदलने की कोशिश की, लेकिन वाहन पर नियंत्रण नहीं रह सका। बाइक सड़क किनारे लगे फेंसिंग के पाइप और तार से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिर गए। हादसे में एक व्यक्ति को गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। वहीं, दो अन्य लोग घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए झीट अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में दोनों घायलों का उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि बाइक चालक की हालत गंभीर है, जबकि पीछे बैठे अन्य व्यक्ति को कम चोटें आई हैं। इस हादसे में सड़क पर मौजूद गाय की भी मौत हो गई।पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और सड़क किनारे लगी फेंसिंग की जांच की है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों और बाइक सवारों की पहचान जुटाने में लगी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि गाय को बचाने की कोशिश के दौरान बाइक अनियंत्रित हुई और यह दुर्घटना हुई। मामले की आगे जांच जारी है।
