Raigarh News: धरमजयगढ़ में मंगलवार रात एक तेज रफ्तार पिकअप हादसे का शिकार हो गई। कापू मार्ग पर कॉलोनी के पास अनियंत्रित हुई पिकअप सड़क किनारे लगे बिजली खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि खंभे पर लगा ट्रांसफार्मर नीचे गिर गया। हादसे में पिकअप सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रायगढ़ रेफर किया गया है। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन में करीब 10 से 12 लोग सवार थे। वाहन खरसिया रोड से कापू की तरफ जा रहा था। इसी दौरान धरमजयगढ़ कॉलोनी के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और तेज रफ्तार पिकअप सीधे बिजली के खंभे से जा भिड़ी।
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
टक्कर के बाद बिजली खंभा क्षतिग्रस्त हो गया और उस पर लगा ट्रांसफार्मर नीचे गिर गया। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों की मदद की और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस जवानों ने स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धरमजयगढ़ पहुंचाया। डॉक्टरों ने तीन लोगों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायगढ़ मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।पिकअप में सवार थे बच्चे और बुजुर्ग
बताया जा रहा है कि हादसे के समय पिकअप में बच्चों और बुजुर्गों समेत करीब 10 से 12 लोग मौजूद थे। दुर्घटना में कई लोगों को चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल लोगों की पहचान की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। हादसे के कारण बिजली खंभे और ट्रांसफार्मर को नुकसान पहुंचा, जिससे धरमजयगढ़ कॉलोनी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर व्यवस्था बहाल करने में जुटी हुई है। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे की पूरी जानकारी जुटाने के लिए CCTV फुटेज की भी जांच की जा रही है।
