सरगुजा जिले में वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानपूर्ण, सुरक्षित और आनंदमय वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत हुई है। समाज कल्याण विभाग द्वारा स्थापित ‘सियान गुड़ी’ (वरिष्ठ नागरिक डे-केयर सेंटर) का शुभारंभ सोमवार को वित्त एवं जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी ने समाज कल्याण एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की गरिमामयी उपस्थिति में किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लिया।
समाज कल्याण एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली और व्यस्त दिनचर्या के कारण कई वरिष्ठ नागरिक स्वयं को अकेला महसूस करते हैं। ऐसे समय में सियान गुड़ी उनके लिए सामाजिक जुड़ाव, मानसिक स्वास्थ्य संरक्षण और सकारात्मक जीवनशैली का प्रभावी मंच बनेगा। उन्होंने कहा कि यह केंद्र वरिष्ठ नागरिकों के जीवन में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और उत्साह का संचार करेगा।
योग, स्वास्थ्य जांच, पुस्तकालय और मनोरंजन की सुविधा
मंत्री राजवाड़े ने बताया कि डे-केयर सेंटर में योग एवं प्राणायाम, फिजियोथेरेपी, प्राथमिक स्वास्थ्य जांच, पुस्तकालय, पारिवारिक परामर्श, सांस्कृतिक गतिविधियां, इंडोर गेम्स, स्वल्पाहार एवं भोजन जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। 25 सीटर क्षमता वाले इस केंद्र का संचालन सप्ताह में छह दिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा, जिससे वरिष्ठ नागरिक दिनभर रचनात्मक और उपयोगी गतिविधियों में भाग ले सकेंगे।
शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान मंत्रीगण एवं जनप्रतिनिधियों ने वरिष्ठ नागरिकों के साथ कैरम और लूडो खेलकर आत्मीय संवाद स्थापित किया। इस दौरान बुजुर्गों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को व्हीलचेयर एवं छड़ी का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम का यह दृश्य बुजुर्गों के चेहरे पर मुस्कान और आत्मीयता का संदेश लेकर आया।
सामाजिक, मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को मिलेगा संबल
विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे डे-केयर सेंटर वरिष्ठ नागरिकों के सामाजिक, मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सियान गुड़ी न केवल बुजुर्गों के लिए दिनभर का सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराएगा, बल्कि उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य भी करेगा। मनेंद्रगढ़ रोड स्थित इस डे-केयर सेंटर का संचालन समाज कल्याण विभाग के सहयोग से अंबिकापुर की अनामिका वेलफेयर सोसायटी द्वारा किया जाएगा। यहां 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक स्वास्थ्य, मनोरंजन, परामर्श और सामाजिक सहभागिता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का लाभ उठा सकेंगे।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में विधायक प्रबोध मिंज, महापौर मंजूषा भगत, कलेक्टर अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और कल्याण की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया।
