खेत बचाओ अभियान के तहत कृषि विभाग द्वारा जिले के विभिन्न गांवो में कृषक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन जारी है। इसी क्रम में बसना एवं सरायपाली ब्लॉक के ग्राम पंचायत नौगड़ी, जोगनीपाली, बालसी, भोथलडीह, सिरबोड़ा, चकरदा, बिरकोल, परसदा, कोटेनदरहा सहित अन्य ग्रामों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में किसानों को टिकाऊ एवं वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कृषि योजनाओं एवं तकनीकों की जानकारी प्रदान की गई।
इस दौरान किसानों को हरी खाद के उपयोग, खेत बचाओ अभियान के तहत रासायनिक उर्वरकों के कम एवं संतुलित उपयोग, तथा मृदा स्वास्थ्य संरक्षण के महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की पात्रता, लाभ एवं आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।
दी गई जानकारी
कृषकों को धान उत्पादन में जैविक विकल्पों को अपनाने हेतु बीजीए (ब्लू ग्रीन एल्गी) यूनिट स्थापना के लाभ एवं प्रक्रिया से अवगत कराया गया। इसके अलावा पात्र कृषकों को एग्रीस्टैक पंजीयन कराने के लिए प्रेरित किया गया तथा पंजीयन से मिलने वाले लाभों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा किसानों को विभागीय योजनाओं, अनुदान कार्यक्रमों एवं कृषि विकास से संबंधित विभिन्न सुविधाओं की भी जानकारी प्रदान की गई। इस दौरान किसानों ने कृषि विशेषज्ञों से अपनी समस्याओं एवं जिज्ञासाओं पर चर्चा की।
