केन्द्र एवं राज्य सरकार के निर्देशों के तहत खरीफ वर्ष 2026 में किसानों को समय पर एवं पर्याप्त मात्रा में खाद और बीज उपलब्ध कराने की व्यवस्था बालोद जिले में प्रभावी रूप से लागू की गई है। इसके तहत सहकारी समितियों में नियमित रूप से खाद-बीज का वितरण किया जा रहा है।
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिले की सभी सहकारी समितियों में शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप भंडारण एवं वितरण की सुव्यवस्थित व्यवस्था की गई है। किसानों को आवश्यकतानुसार खाद-बीज उपलब्ध कराने के लिए समुचित प्रबंधन सुनिश्चित किया गया है।
किसानों ने की व्यवस्था की सराहना
जिले में खाद-बीज वितरण की बेहतर व्यवस्था की सराहना किसानों द्वारा भी की जा रही है। समय पर उपलब्धता और सुचारू वितरण व्यवस्था को किसानों ने अत्यंत लाभकारी बताया है। गुरूर विकासखण्ड के ग्राम फागुनदाह निवासी कृषक चोवाराम, जो लगभग 02 एकड़ भूमि के लघु कृषक हैं, ने बताया कि उन्हें सहकारी समिति से दो बोतल नैनो डीएपी, एक बोतल यूरिया के साथ दो बोरी यूरिया एवं एक बोरी सुपरफॉस्फेट खाद प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई और समय पर सामग्री मिलने से वे प्रसन्न हैं।बड़े कृषक बेनीराम साहू ने भी जताई संतुष्टि
ग्राम पेण्डरवानी निवासी कृषक बेनीराम साहू, जो लगभग 20 एकड़ भूमि के बड़े कृषक हैं, ने बताया कि उन्होंने सहकारी समिति से स्वर्णा एवं स्वर्णा सब-1 सहित अन्य धान बीज आवश्यकतानुसार प्राप्त किए। उन्होंने कहा कि वितरण व्यवस्था सुचारू है और सभी किसानों को बिना परेशानी के बीज उपलब्ध हो रहे हैं। किसानों ने उम्मीद जताई है कि इसी प्रकार आने वाले समय में भी खाद एवं बीज की उपलब्धता समय पर होती रहेगी, जिससे कृषि कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सकेगा और उत्पादन में भी वृद्धि होगी।
