Ganda Samaj Meeting: बागबाहरा की ब्लॉक परिषद की बैठक नवागांव स्थित सामाजिक भवन में संरक्षक गजानंद टाण्डे एवं ब्लॉक अध्यक्ष हीराराम नेताम की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में समाज की शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत बनाने, युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जोड़ने तथा रोजगारपरक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए शिक्षा प्रकोष्ठ के गठन और उसकी नियमावली को मंजूरी दी गई। साथ ही 27 दिसंबर 2026 को ब्लॉक स्तरीय वार्षिक सम्मेलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर जोर
बैठक में समाज के कोचिंग सेंटर को विस्तार देने पर चर्चा हुई। वर्तमान में नवोदय एवं प्रयास परीक्षाओं की तैयारी के साथ भविष्य में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, कौशल विकास और रोजगारपरक प्रशिक्षण की सुविधाएं विकसित करने की योजना बनाई गई। इसके लिए सेंटर में स्मार्ट बोर्ड, कंप्यूटर तथा तकनीकी शिक्षक की व्यवस्था करने का प्रयास किया जाएगा।
व्यवस्था को बेहतर बनाने प्रकोष्ठ का गठन
शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन और व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 11 सदस्यीय शिक्षा प्रकोष्ठ का गठन किया जाएगा, जिसके पदेन प्रभारी ब्लॉक अध्यक्ष होंगे। शिक्षकों की नियुक्ति इंटरव्यू के आधार पर की जाएगी। शिक्षा व्यवस्था के संचालन के लिए सक्रिय सदस्यों से प्रतिवर्ष 1200 रुपये सहयोग राशि लेने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा ब्लॉक इकाई की 30 प्रतिशत राशि शिक्षा मद में देने तथा समाज के कर्मचारियों, व्यवसायियों एवं प्रबुद्धजनों से आर्थिक सहयोग प्राप्त करने पर सहमति बनी।
गांवों में बनेंगी ग्राम एवं शिक्षा समितियां
समाज की शैक्षणिक गतिविधियों को गांव-गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से बागबाहरा विकासखंड के विभिन्न गांवों में ग्राम समिति एवं शिक्षा समिति का गठन किया जाएगा। बैठक में 26 नवंबर 2026 को समाज की ओर से पुस्तकालय शुरू करने की योजना पर भी चर्चा की गई। इसके माध्यम से समाज के बच्चों और युवाओं को अध्ययन सामग्री तथा शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की जाएगी।27 दिसंबर को प्रतिभा सम्मान समारोह
समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और सामाजिक एकजुटता को मजबूत बनाने के उद्देश्य से 27 दिसंबर 2026 को बागबाहरा में ब्लॉक स्तरीय वार्षिक सम्मेलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। बैठक में आयोजन की तैयारियों सहित समाज की शैक्षणिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई।
बैठक में ब्लॉक सचिव चुम्मन जगत, उपाध्यक्ष मुन्ना भारती एवं गोकुल टाण्डे, परिक्षेत्र अध्यक्ष हनुमंत नाग (खैरट), यशवंत बिभार (खल्लारी), हेमंत टाण्डे (नरतोरी), लालतू पाण्डे (तीनोपारा), थनवार कुलदीप (बागबाहरा), महेश महानंद, जगतराम जगत, सभा संचालक हेमंत सोनवानी, राजनीति प्रकोष्ठ अध्यक्ष एवं पार्षद थानूराम पाण्डे तथा महामंत्री भागीरथी चौहान सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी उपस्थित रहे।







