Ganja Smuggling: रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने गांजा तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग मामलों में एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 33 किलो 428 ग्राम गांजा और 35 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 17 लाख 6 हजार 400 रुपए बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के निवासी भी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, 15 और 16 अक्टूबर को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, आमानाका, मुजगहन और डीडी नगर थाना पुलिस के साथ यातायात पुलिस की टाटीबंध जोन टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। अलग-अलग स्थानों पर गांजा रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाशने की सूचना मिलने के बाद ये कार्रवाई की गई।
टाटीबंध में महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार
पहला मामला 15 अक्टूबर को टाटीबंध स्थित इस्कॉन मंदिर मोड़ के पास का है। यातायात पुलिस को सूचना मिली थी कि सड़क किनारे एक युवक और महिला गांजा लेकर ग्राहक तलाश रहे हैं। इसके बाद एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और आमानाका थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों की पहचान महाराष्ट्र निवासी कृष्णा पाटिल (21) और करिश्मा (28) के रूप में की है। दोनों के बैग की तलाशी लेने पर 27 किलो 420 ग्राम गांजा मिला। इसकी कीमत करीब 13 लाख 71 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस ने आमानाका थाने में मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
भटगांव ओवरब्रिज के नीचे 5 किलो से ज्यादा गांजा बरामद
दूसरी कार्रवाई मुजगहन थाना क्षेत्र में रायपुर-धमतरी मार्ग पर ग्राम भटगांव ओवरब्रिज के नीचे की गई। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को एक व्यक्ति के गांजा लेकर जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध को पकड़ा। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के निवासी सतीश पटेल उर्फ सितेश (26) के रूप में हुई है। वह फिलहाल चंडीगढ़ में रह रहा था। पुलिस ने उसके बैग से 5 किलो 230 ग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी कीमत करीब 2 लाख 61 हजार 500 रुपए बताई गई है। आरोपी के खिलाफ मुजगहन थाने में अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।चंगोराभाठा में गांजे के साथ 35 हजार रुपए नकद जब्त
तीसरी कार्रवाई 16 अक्टूबर को डीडी नगर थाना क्षेत्र के चंगोराभाठा स्थित महादेवा तालाब परिसर के घाट के पास हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति गांजा लेकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और डीडी नगर थाना पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर मोहम्मद तौफीक (41) को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके थैले से 778 ग्राम गांजा और 35 हजार रुपए नकद मिले। बरामद गांजे की कीमत करीब 38 हजार 900 रुपए है, जबकि नकदी सहित जब्त सामग्री का कुल मूल्य लगभग 73 हजार 900 रुपए बताया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
गांजा कहां से आया, सप्लाई नेटवर्क की जांच जारी
तीनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों से गांजे की खरीद, परिवहन और बिक्री के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों को गांजा कहां से मिलता था और इसकी आपूर्ति में कौन-कौन लोग शामिल हैं। तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने के लिए भी जांच जारी है।एनडीपीएस एक्ट के 91 मामलों में 201 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस के अनुसार, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स अब तक एनडीपीएस एक्ट के 91 मामलों में 201 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी हैं। इन कार्रवाइयों में गांजा, ओशन ग्रो, प्रतिबंधित नशीली गोलियां, एमडीएमए, कोकीन, नशीला सिरप, डोडा, हेरोइन, ब्राउन शुगर और अफीम समेत अन्य सामग्री जब्त की गई है। पुलिस के मुताबिक, इन मामलों में जब्त सामग्री, नकदी और वाहनों सहित कुल मशरूका की कीमत 6 करोड़ 51 लाख 98 हजार रुपए है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार पर कार्रवाई के साथ तस्करी और सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की पड़ताल भी की जा रही है।







