Raipur Jeweller Theft: गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वारदात में शामिल दो आरोपियों विशाल सचदेव और सूरज ढीमर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, विशाल सचदेव ने चोरी की पूरी योजना तैयार की थी और उसे इस मामले का मास्टरमाइंड बताया गया है। वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है। पुलिस के मुताबिक, महासमुंद में बर्फ की फैक्ट्री शुरू करने के लिए विशाल ने काफी रकम कर्ज के रूप में ली थी। कारोबार उम्मीद के मुताबिक नहीं चल सका और वह आर्थिक परेशानी में आ गया। उसकी फैक्ट्री पर करीब 7 लाख रुपए का बिजली बिल भी बकाया था। कर्ज और बिजली बिल चुकाने के लिए उसने अपनी फैक्ट्री में काम करने वाले सूरज ढीमर और एक अन्य साथी के साथ मिलकर ज्वेलर्स में चोरी की योजना बनाई।
पहले की रेकी, फिर दीवार में सेंधमारी
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने वारदात से पहले ज्वेलर्स की रेकी की थी। इसके बाद 26-27 सितंबर की रात दुकान की दीवार में सेंध लगाई गई। फिर 29-30 सितंबर की रात आरोपी दुकान के अंदर दाखिल हुए और वहां रखे सोने-चांदी के आभूषण समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। संदिग्ध लोगों और वाहनों की गतिविधियों का विश्लेषण करने के साथ तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र की भी मदद ली गई। इसी जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने के अहम सुराग मिले।
सुबह दुकान खोलने पर सामने आई चोरी
श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स कर्मा चौक मेन रोड पर स्थित है। दुकान संचालक सुनील जैन ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 29 सितंबर की रात दुकान बंद की थी और घर चले गए थे। अगले दिन 30 सितंबर को सुबह करीब 10:30 बजे जब वे दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का दृश्य देखकर उन्हें चोरी का पता चला। दुकान के अंदर दाहिनी तरफ की दीवार की प्लाई गिरी हुई थी। फर्नीचर अस्त-व्यस्त था और दीवार में बड़ा छेद बना हुआ था। डिस्प्ले में रखे सोने-चांदी के आभूषण भी गायब थे। इसके बाद उन्होंने गुढ़ियारी थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की जांच के लिए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा रामनगर पुलिस चौकी की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के CCTV कैमरों की बड़ी संख्या में फुटेज की जांच की। आरोपियों के आने-जाने के संभावित रास्तों और संदिग्ध वाहनों की गतिविधियों का भी मिलान किया गया। इसके साथ ही पुलिस ने पुराने चोरी के मामलों में शामिल आरोपियों और हाल ही में जेल से बाहर आए संदिग्धों की गतिविधियों की भी जानकारी जुटाई।पूछताछ में चोरी की बात कबूली
जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने विशाल सचदेव और सूरज ढीमर को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने एक अन्य साथी के साथ मिलकर ज्वेलर्स दुकान में चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, विशाल ने वारदात की योजना बनाई थी और वह इस मामले का मुख्य आरोपी है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का सामान बरामद कर लिया है। बरामद सामान में करीब 50 हजार रुपए कीमत के सोने के आभूषण, लगभग 3.5 किलो चांदी के आभूषण, जिनकी कीमत करीब 7 लाख 91 हजार 700 रुपए बताई गई है, और करीब 10 हजार रुपए के आर्टिफिशियल आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट कार क्रमांक CG 04 MT 8303 और बिना नंबर की एक्टिवा भी जब्त की है। पुलिस के मुताबिक, जब्त किए गए सामान और वाहनों समेत कुल बरामदगी की कीमत करीब 14 लाख 51 हजार 700 रुपए है।
तीसरे आरोपी की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ गुढ़ियारी थाने में अपराध क्रमांक 430/26 के तहत धारा 331(4) और 305(ए) BNS में मामला दर्ज किया गया है।

