Korba News: कटघोरा थाना क्षेत्र में रविवार को एक व्यक्ति का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव मालदा घाट स्थित बाउंड्री वॉल प्लॉट के अंदर घने जंगल में मिला। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के मुताबिक, सुबह एक महिला की नजर जंगल में पड़े शव पर गई। इसके बाद उसने आसपास के ग्रामीणों के साथ पार्षद और अन्य जनप्रतिनिधियों को इसकी जानकारी दी। मामला सामने आने के बाद पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस अब आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा शव की पहचान और घटना से जुड़ी परिस्थितियों को लेकर स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह
कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही व्यक्ति की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
