Mahasamund Crime News: महासमुंद के कोमाखान जंगल में जली पिकअप और शव मिलने से हड़कंप कोमाखान जंगल, जली पिकअप, शव बरामद
Mahasamund Crime News: महासमुंद के कोमाखान-चौखड़ी मार्ग के पास जंगल में जली पिकअप और करीब 50 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला। मृतक की पहचान रायपुर निवासी राजेश देवांगन के रूप में हुई है। पुलिस जांच में जुटी है।
प्रकाशित: 30 Sep 2026, 06:22 PM· 3 मिनट पढ़ने का समय
महासमुंद
AI द्वारा तैयार ~1 मिनट सारांश
Mahasamund Crime News: कोमाखान इलाके में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब जंगल में झाड़ियों के बीच एक पिकअप वाहन जली हुई हालत में मिला। वाहन से कुछ दूरी पर करीब 50 वर्षीय एक व्यक्ति का शव भी बरामद हुआ। एक ही स्थान पर जला वाहन और शव मिलने की सूचना के बाद आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलते ही कोमाखान पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। फिलहाल पुलिस आग लगने और व्यक्ति की मौत की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।
झाड़ियों में मिली जली पिकअप
पुलिस के मुताबिक, कोमाखान चौकड़ी से कोमाखान जाने वाले मार्ग के पास जंगल में अशोक लीलैंड कंपनी की पिकअप क्रमांक CG 04 PM 7800 जली हुई हालत में मिली। आग से वाहन का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। वाहन का एक दरवाजा खुला हुआ था। पिकअप से कुछ दूरी पर एक व्यक्ति का शव मिलने के बाद घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वाहन जंगल में किन परिस्थितियों में पहुंचा और उसमें आग कैसे लगी।
थोड़ी दूर पर झाड़ियों में मिल पिकअप वाहन वाहन नंबर और मोबाइल से हुई मृतक की पहचान
पुलिस जांच में मृतक की पहचान रायपुर निवासी राजेश देवांगन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राजेश ट्रांसपोर्टिंग का काम करता था। कोमाखान थाना प्रभारी मुकेश सोरी के अनुसार, मृतक की पहचान वाहन के नंबर प्लेट, मौके से मिले मोबाइल फोन और घटनास्थल से गुजर रहे एक राहगीर द्वारा की गई पहचान के आधार पर की गई है।
मौत और आग लगने की वजह अब भी स्पष्ट नहीं
फिलहाल पुलिस ने घटना को लेकर किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है। जांच का मुख्य बिंदु यह है कि पिकअप में आग किन परिस्थितियों में लगी और राजेश देवांगन की मौत कैसे हुई। जला हुआ वाहन और उससे कुछ दूरी पर शव मिलने के कारण पुलिस घटनास्थल से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज
घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम के निरीक्षण के बाद महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए जाने की प्रक्रिया की जा रही है। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से राजेश देवांगन की मौत के कारण और उससे जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्य स्पष्ट होने की उम्मीद है। वहीं, फॉरेंसिक जांच से जले वाहन और घटनास्थल से जुड़े तकनीकी साक्ष्य भी सामने आ सकते हैं ।
कोमाखान थाना प्रभारी मुकेश सोरी ने बताया कि घटनास्थल से जली हुई पिकअप और एक व्यक्ति का शव मिला है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। वाहन में आग लगने और व्यक्ति की मौत की परिस्थितियों को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक जांच, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।