Chhattisgarh Crime News: जिले के कोमाखान थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी टुहलू इलाके में पैसों के लेन-देन और ईंट भट्ठे पर काम करने जाने को लेकर उपजा विवाद गंभीर मारपीट में बदल गया। आरोप है कि एक दंपती ने किसान को जबरन जंगल में ले जाकर डंडे और हाथ-मुक्कों से बेरहमी से पीटा। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और विवेचना शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना 24 अक्टूबर 2026 की दोपहर करीब 4:00 बजे की है, जिसकी रिपोर्ट 26 अक्टूबर को चौकी टुहलू में दर्ज कराई गई। प्रार्थी कमल साय नेताम (45 वर्ष), जो कि ग्राम टुहलू बरपारा के रहने वाले हैं और किसानी का काम करते हैं, उन्होंने पुलिस को बताया कि उन्होंने ग्राम टेका निवासी कमल मरकाम से पिछले साल ईंट भट्ठे में काम करने के सिलसिले में 4,000 रुपये एडवांस (पेशगी) लिए थे। किन्हीं कारणों से प्रार्थी ईंट भट्ठे पर काम करने नहीं जा सका। जब उसने कमल मरकाम से अपने पैसे वापस लेने या हिसाब करने की बात कही, तो आरोपी ने पैसे रखने और अगले साल काम पर चलने को कहा। इसके बाद इस साल भी आरोपी ने उसे ईंट भट्ठे पर जाने का दबाव बनाया।
जंगल में ले जाकर की मारपीट
प्रार्थी के अनुसार, 24 अक्टूबर को दोपहर करीब 2:00 बजे आरोपी कमल मरकाम और उसकी पत्नी प्रमिला मरकाम ने उसे बातचीत के बहाने ग्राम टेका के देवसागर पारा के पास जंगल में बुलाया। वहां पहुंचते ही दोनों ने मिलकर उसे गालियां दीं और फिर डंडे तथा हाथ-मुक्कों से ताबड़तोड़ मारपीट शुरू कर दी। हमले में प्रार्थी के दोनों जांघ, घुटने, बाएं पैर के अंगूठे, दोनों हाथों की कोहनी, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। गनीमत यह रही कि देवसागर पारा के दो स्थानीय लोगों की नजर उस वक्त वहां पड़ गई, जिन्होंने बीच-बचाव कर प्रार्थी की जान बचाई और उसे अपने साथ सुरक्षित घर ले गए। डर और सदमे के कारण प्रार्थी उस रात वहीं रुका रहा, जिसके बाद अगले दिन थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी आपबीती सुनाई।पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी टुहलू से प्रशिक्षु उपनिरीक्षक धर्मेश कुमार मरकाम के नेतृत्व में जीरो पर (बिना नंबरी अपराध 0/26) मामला दर्ज किया गया। इसके बाद इसे औपचारिक रूप से असल नंबरि अपराध में बदलते हुए BNS की धारा 296, 115(2), और 3(5) के तहत पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपियों (कमल मरकाम और प्रमिला मरकाम, दोनों निवासी ग्राम टेका) के खिलाफ अपराध दर्ज कर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है। इस पूरे घटनाक्रम की सूचना माननीय JMFC न्यायालय बागबाहरा को भी भेज दी गई है।






