Surguja Police Training: सरगुजा रेंज में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को नए आपराधिक कानूनों की जानकारी और उनके प्रभावी उपयोग के लिए विशेष रिफ्रेशर कोर्स की शुरुआत की गई है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ रक्षित केंद्र अंबिकापुर में पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश अग्रवाल की मौजूदगी में हुआ।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान आईजी दीपक कुमार झा ने पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण में दी जा रही जानकारियों को केवल सीखने तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें केस की जांच और पुलिस कार्यप्रणाली में प्रभावी रूप से लागू करें। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से पूरी गंभीरता एवं मनोयोग के साथ प्रशिक्षण लेने की अपील की।
तीन दिवसीय बैच में दिया जा रहा प्रशिक्षण
सरगुजा रेंज में वरिष्ठ आरक्षक से लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर तक के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए तीन-तीन दिवसीय रिफ्रेशर कोर्स आयोजित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य नए आपराधिक कानूनों के तहत पुलिस जांच प्रक्रिया को और बेहतर बनाना है। कार्यक्रम में भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) के प्रावधानों की जानकारी दी जा रही है। साथ ही गंभीर अपराधों की जांच में तकनीकी साक्ष्यों के इस्तेमाल, डिजिटल जांच प्रक्रिया और आधुनिक पुलिसिंग से जुड़े विषयों पर भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
180 पुलिसकर्मियों के बैच में हो रहा प्रशिक्षण
रेंज स्तर पर आयोजित इस प्रशिक्षण के प्रत्येक बैच में करीब 180 अधिकारी-कर्मचारियों को शामिल किया गया है। सरगुजा रेंज के लगभग 2018 विवेचकों में से शेष 1838 विवेचकों को भी चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रक्रिया आगामी 6 नवंबर तक पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रशिक्षण को अधिक उपयोगी और व्यावहारिक बनाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों को शामिल किया गया है। इसमें लोक अभियोजन अधिकारी, फिंगर प्रिंट विशेषज्ञ, डिजिटल और फोरेंसिक टीम, ई-साक्ष्य, ई-एफआईआर, सीसीटीएनएस और साइबर अपराध विशेषज्ञ पुलिसकर्मियों को नई तकनीकों की जानकारी दे रहे हैं। खास तौर पर गंभीर अपराधों में डिजिटल साक्ष्य जुटाने, फोरेंसिक तकनीकों के इस्तेमाल और नई कानूनी प्रक्रियाओं के पालन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।प्रशिक्षण संचालन के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी तय
इस रिफ्रेशर कोर्स के बेहतर संचालन के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा रितेश चौधरी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। वहीं एसडीओपी ग्रामीण राकेश कुमार बघेल को सहायक नोडल अधिकारी और रक्षित निरीक्षक अंबिकापुर तृप्ति सिंह राजपूत को समन्वयक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

