Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर मंगलवार एक चलती ट्रक में अचानक आग लग गई। घटना दामाखेड़ा गांव के पास ओवरब्रिज की है। आग की लपटें उठती देख ट्रक के चालक और परिचालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन से छलांग लगा दी, जिससे दोनों की जान बच गई। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
तड़के 4:30 बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे दामाखेड़ा के पास हाईवे से गुजर रही ट्रक में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक और परिचालक ने ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई। इस घटना में दोनों के सुरक्षित बचने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस और दमकल की टीम ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलने पर सिमगा थाना पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद ट्रक में लगी आग बुझाई। आग लगने से वाहन को नुकसान पहुंचा है। क्षतिग्रस्त ट्रक को सड़क से हटाने की कार्रवाई की जा रही है, ताकि हाईवे पर यातायात प्रभावित न हो और दूसरे वाहन चालकों को परेशानी का सामना न करना पड़े। फिलहाल आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एक दिन पहले इसी मार्ग पर हुआ था बड़ा हादसा
गौरतलब है कि इसी नेशनल हाईवे पर एक दिन पहले भी गंभीर सड़क हादसा हुआ था। सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे एक यात्री बस खड़े ट्रक से टकरा गई थी। इस दुर्घटना में चालक और हेल्पर समेत पांच लोगों की जान चली गई थी, जबकि 14 यात्री घायल हो गए थे। लगातार दो दिनों में सामने आई इन घटनाओं ने हाईवे पर सुरक्षा और दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर चिंता बढ़ा दी है। सोमवार के हादसे के बाद क्षतिग्रस्त ट्रक को सड़क किनारे हटाया गया, ताकि मार्ग पर यातायात सुचारु रखा जा सके और किसी अन्य दुर्घटना की आशंका कम हो।






