Ganja Smuggling: नशे के खिलाफ जशपुर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। ऑपरेशन आघात के तहत पुलिस ने उड़ीसा सीमा से लगे लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर एक मिनी ट्रक से 440.63 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी गांजे को मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपाकर उड़ीसा से प्रयागराज ले जा रहे थे। कार्रवाई में गांजे और तस्करी में इस्तेमाल मिनी ट्रक समेत कुल 2 करोड़ 40 लाख 31 हजार 500 रुपए का सामान जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में उड़ीसा सीमा पर आने-जाने वाले संदिग्ध वाहनों की लगातार जांच की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में एंटी नारकोटिक्स टीम और तपकरा थाना पुलिस भी निगरानी में जुटी थी। 2 अक्टूबर की सुबह करीब 9 बजे लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर उड़ीसा की ओर से आ रहे टाटा आईसर मिनी ट्रक UP-71-T-6592 को जांच के लिए रोका गया। वाहन में दो लोग सवार थे। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम मो. वसीम (28) और मो. आसिफ (34) बताया। दोनों प्रयागराज जिले के धूमनगंज थाना क्षेत्र के मुंडेरा गांव के निवासी बताए गए हैं।
मिर्ची की बोरियों के नीचे मिले पैकेट
पुलिस ने जब ट्रक में रखे सामान के बारे में जानकारी ली तो आरोपियों ने मिर्ची की बोरियां होने की बात कही। पुलिस को संदेह होने पर बोरियों की तलाशी ली गई। जांच के दौरान ट्रक के ऊपरी हिस्से में मिर्ची की बोरियां रखी मिलीं। इन्हें हटाने के बाद नीचे रखी बोरियों में टेप से लिपटे कई पैकेट दिखाई दिए। तलाशी लेने पर इन पैकेटों में गांजा मिला। गवाहों की मौजूदगी में की गई कार्रवाई के दौरान 14 बोरियों से कुल 440 पैकेट बरामद किए गए। इनका वजन 440.63 किलो पाया गया। पुलिस ने बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपए बताई है। इसके अलावा करीब 20 लाख रुपए कीमत का मिनी ट्रक भी जब्त किया गया।उड़ीसा से प्रयागराज ले जाने की बात
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ तपकरा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गांजा उड़ीसा के बोध क्षेत्र से लेकर प्रयागराज जाने की जानकारी दी है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से खरीदा गया था और प्रयागराज में इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
जनवरी से अब तक 1906 किलो गांजा जब्त
जशपुर पुलिस के अनुसार, जनवरी 2026 से अब तक गांजा तस्करी के 16 मामलों में करीब 8 करोड़ रुपए कीमत का 1906 किलो गांजा बरामद किया जा चुका है। इन मामलों में कुल 22 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किए गए 17 कार और एक पिकअप वाहन भी जब्त किए हैं। ताजा कार्रवाई में थाना तपकरा प्रभारी निरीक्षक त्रिलोक प्रधान, निरीक्षक संदीप कौशिक, सहायक उप निरीक्षक संतोष चौरसिया, आरक्षक शिवकुमार, विनोद तिर्की समेत एंटी नारकोटिक्स टीम और तपकरा पुलिस की भूमिका रही।

