Ganja Smuggling: ओडिशा से महाराष्ट्र की ओर गांजे की एक बड़ी खेप ले जाने की साजिश का बसना थाना पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पलसापाली बेरियर पर चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने एक इनोवा कार से 1 क्विंटल 32 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया, जिसकी बाजारू कीमत करीब 66 लाख रुपए आंकी गई है। जब्त गांजा, वाहन और अन्य सामानों समेत कुल जब्ती की कीमत 74 लाख 15 हजार रुपये बताई जा रही है। मामले में महाराष्ट्र निवासी दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया है।
हड़बड़ाहट ने खोला राज
मिली जानकारी के मुताबिक, 23 सितंबर को बसना थाने के सहायक उपनिरीक्षक (ASI) जयंत प्रसाद बारीक अपनी टीम के साथ पलसापाली बेरियर के पास संदिग्ध वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक महाराष्ट्र नंबर की इनोवा कार (MH 04 GM 8841) वहां पहुंची। पुलिस को देखकर कार चला रहा व्यक्ति घबरा गया और गाड़ी रोकने पर असहज होने लगा। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने गाड़ी के पिछले हिस्से में रखी बोरियों में गांजा होने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों को बुलाकर विधिवत वाहन की तलाशी ली।
ड्रग डिटेक्शन किट से हुई पुष्टि
वाहन की डिग्गी और पीछे की सीट से कुल 6 बोरियां (तीन हरी, एक पीली और दो सफेद) बरामद की गईं। परीक्षण और ड्रग डिटेक्शन किट के इस्तेमाल के बाद बोरियों में रखे मादक पदार्थ के गांजा होने की पुष्टि हुई। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल कराने पर शुद्ध गांजे का वजन 1 क्विंटल 32 किलोग्राम निकला।
महाराष्ट्र से ओडिशा जुड़ा नेटवर्क
पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान गणेश रामदास वाजे (42 वर्ष, निवासी पुणे) और विपुल रामचंद्र भालेराव (36 वर्ष, निवासी पुणे) के रूप में हुई है। आरोपियों ने खुलासा किया कि वे यह गांजा ओडिशा के तुमुड़ीबंध (कंधमाल) निवासी अमित उर्फ अमीश नाम के व्यक्ति से लेकर आ रहे थे। इस खेप को पुणे में किरण पाटिल और सिद्धेश शिंदे नाम के व्यक्तियों को सौंपा जाना था।आरोपियों पर सख्त कानूनी शिकंजा
बसना पुलिस ने मौके से गांजा, इनोवा कार, मोबाइल फोन और ड्राइविंग लाइसेंस समेत कुल 74,15,000 रुपये का मशरूका जब्त कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब इस पूरे अंतर्राज्यीय नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

