Ganja Smuggling: दुर्ग जिले के कुम्हारी में पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी किराए के मकान में गांजा रखकर ग्राहकों की तलाश कर रहा था। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर उसके कब्जे से 6 किलो 350 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 2 लाख 98 हजार 975 रुपए बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, 28 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुम्हारी के अटल आवास क्षेत्र में एक व्यक्ति गांजा लेकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है।
सूचना की पुष्टि के बाद कुम्हारी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मकान नंबर 320 में कार्रवाई की। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में मकान की तलाशी ली, जहां आरोपी प्रेम कुमार साहू (30 वर्ष) मिला। जांच के दौरान उसके पास से 6.350 किलो गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
किराए के मकान में चल रहा था अवैध कारोबार
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी ने अटल आवास में एक मकान किराए पर लिया था और उसी जगह गांजा छिपाकर रखता था। ग्राहक भी आरोपी के बताए पते पर पहुंचकर गांजा खरीदते थे। पुलिस को काफी समय से इस गतिविधि की जानकारी मिल रही थी। कार्रवाई से पहले पुलिस ने सूचना की पुष्टि के लिए निगरानी कराई, जिसके बाद टीम ने छापा मारकर आरोपी को पकड़ लिया।गांजा सप्लाई करने वाले नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
