Chhattisgarh ganja smuggling: ओडिशा से आ रही गांजे की दो खेपें से 1.53 करोड़ का माल जब्त, 9 गिरफ्तार
Chhattisgarh ganja smuggling: पुलिस और ANTF ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजे की दो खेप पकड़ी है। महासमुंद जिले में हुई कार्रवाई में 191 किलो से ज्यादा गांजा, दो वाहन और अन्य सामान जब्त किए गए। पुलिस ने एक महिला समेत 9 अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।
प्रकाशित: 25 Sep 2026, 08:30 AM· 4 मिनट पढ़ने का समय
महासमुंद
स्रोत: पुलिस विभाग
AI द्वारा तैयार ~1 मिनट सारांश
Chhattisgarh ganja smuggling: नशे के काले कारोबार और तस्करों के खिलाफ पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने बड़ा प्रहार किया है। तस्कर पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए लगातार नए-नए पैंतरे आजमा रहे हैं, लेकिन मुस्तैद जवानों ने ओडिशा से आ रही गांजे की दो बड़ी खेपों को पकड़कर उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया है। दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने करीब 191 किलो से ज्यादा गांजा जब्त किया है, जिसकी और इस्तेमाल किए गए वाहनों की कुल कीमत डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। इस पूरी कार्रवाई में एक महिला सहित कुल 9 अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
कंटेनर की हो रही थी लग्जरी कार से 'पायलेटिंग'
पहली बड़ी सफलता NH-53 पर ग्राम रेहटीखोल के पास मिली। पुलिस को मुखबिर से पक्की भनक लगी थी कि एक कंटेनर (RJ 14GV 0484) में भारी मात्रा में गांजा ओडिशा से महाराष्ट्र के नागपुर ले जाया जा रहा है। तस्कर इतने शातिर थे कि कंटेनर को सुरक्षित रास्तों से निकालने के लिए आगे-आगे एक किआ कैरेंस कार (OD 11 AC 3003) से उसकी 'पायलेटिंग' यानी एस्कॉर्ट कर रहे थे।
सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर जब दोनों वाहनों को रोका और सख्ती से पूछताछ की, तो तस्करों के पसीने छूट गए। कंटेनर की तलाशी लेने पर अंदर 111.350 किलो गांजा बरामद हुआ। इस मामले में कार और कंटेनर में सवार यूपी (प्रतापगढ़ और कानपुर) और ओडिशा (बौद्ध और संबलपुर) के रहने वाले 7 तस्करों को दबोचा गया है। सिंघोड़ा थाना पुलिस ने गांजा, कंटेनर, एस्कॉर्ट कर रही कार और 9 मोबाइल फोन सहित कुल 1 करोड़ 5 लाख रुपये से ज्यादा की संपत्ति जब्त कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (अप.क्र. 116/2026) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
गांजा तस्करी करते आरोपी गिरफ्तार शक से बचने के लिए महिला को बिठाया था साथ
वहीं, दूसरी कार्रवाई कोमाखान थाना क्षेत्र में NH-353 पर टेमरी जांच नाके के पास अंजाम दी गई। यहां तस्करों ने चेकिंग से बचने का एक अलग ही तरीका निकाला। उन्होंने कार में एक महिला को साथ रखा था, ताकि पुलिस को लगे कि कोई आम परिवार सफर कर रहा है। दिल्ली पासिंग कार (DL 2C AX 0153) से आ रहे इन संदिग्धों को जब नाके पर रोका गया, तो तलाशी में 80.400 किलो गांजा मिला। पूछताछ में सामने आया कि कार सवार अभिजीत डिगाल और जयश्री प्रधान यह खेप ओडिशा के कंधमाल से लेकर रायपुर आ रहे थे। पुलिस ने गांजा, कार और मोबाइल समेत करीब 48 लाख 40 हजार का माल जब्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके खिलाफ भी कोमाखान थाने में अपराध क्रमांक 159/2026 दर्ज किया गया है।
सिंडिकेट की जड़ें खोदने में जुटी पुलिस
ANTF के कड़े निर्देशों के बाद पुलिस अब सिर्फ गांजा जब्ती और गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है। अधिकारियों का कहना है कि इन मामलों में 'इंड-टू-इंड इन्वेस्टिगेशन' और 'फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन' की जा रही है। इसका मतलब है कि पुलिस अब यह पता लगाने में जुट गई है कि गांजे की खेती कहां से हो रही थी, इसे किसने फाइनेंस किया और इसका असली खरीदार कौन था, ताकि इस पूरे नेटवर्क की कमर तोड़ी जा सके। फिलहाल सभी 9 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।